इजराइल में चुनाव के बाद सरकार गठन को लेकर जारी सियासी उठापटक के बीच प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। उनकी लंबे समय से सहयोगी रही अल्ट्रा-ऑर्थोडॉक्स यहूदी पार्टी यूनाइटेड टोरा जूडिज्म (UTJ) ने गुरुवार को किसी भी उम्मीदवार को सरकार बनाने के लिए समर्थन देने की सिफारिश करने से इनकार कर दिया। दूसरी ओर अरब नेतृत्व वाली एक पार्टी ने नेतन्याहू के मुख्य राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी गादी आइजेनकोट का समर्थन कर दिया है। आपको बता दें कि इजराइल में 27 अक्टूबर को हुए चुनाव में किसी भी गठबंधन को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला था। नेतन्याहू की लिकुड पार्टी 120 सदस्यीय संसद में 27 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनी लेकिन उनके राष्ट्रवादी-धार्मिक गठबंधन को कुल 53 सीटें ही मिल सकीं। वहीं पूर्व सैन्य प्रमुख गादी आइजेनकोट के नेतृत्व वाले नेतन्याहू विरोधी गठबंधन को 48 सीटें मिलीं। ऐसे में सरकार बनाने के लिए दोनों पक्षों के सामने बहुमत जुटाने की चुनौती है।
