ईरान के साथ युद्ध के बीच इजरायली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू को लेकर अटकलबाजी जारी है। इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने अपनी मौत के दावे का खंडन करते हुए एक नया वीडियो जारी किया है। अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर पोस्ट किए गए वीडियो में नेतन्याहू ने अपनी 10 उंगलियां गिनाई। वहीं इस वीडियो ने सोशल मीडिया पर फैल रही उन अफवाहों को खारिज कर दिया है, जिनमें दावा किया जा रहा था कि ईरान के हमले में उनकी मौत हो गई है।
सामने आया नेतन्याहू का वीडियो
दरअसल सोशल मीडिया पर कुछ साजिश से जुड़ी थ्योरीज़ फैल रही थीं, जिनमें कहा जा रहा था कि इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू एक हमले में मारे गए हैं और टीवी पर उनका हालिया दिखाई देना आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से बनाया गया है, लेकिन नेतन्याहू ने इन सभी दावों को गलत बताया। बेंजामिन नेतन्याहू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक वीडियो शेयर कर अपनी मौत से जुड़ी अफवाहों को मज़ाक में खारिज किया। वीडियो में वह कॉफी ऑर्डर करते हुए और उसके प्रति अपना प्यार जताते नजर आए। उन्होंने मजाकिया अंदाज़ में कहा, “मैं कॉफी के लिए मरा जा रहा हूँ,” उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें अपने देश से बहुत प्यार है और ईरान के साथ चल रहे तनाव के बीच मजबूती से खड़े रहने के लिए इजरायल के लोगों की तारीफ की।
इजरायली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू युद्ध शुरू होने के बाद लगातार एक्टिव दिखे और उन इलाकों का दौरा भी किया, जिनको ईरान ने निशाना बनाया था। बेंजामिन नेतन्याहू बीते एक हफ्ते से सार्वजनिक तौर पर नहीं दिखे थे। ऐसे में उनको और उनके परिवार को लेकर कई तरह की बातें कही जा रही थी। कई सोशल अकाउंट से बार-बार ये दावा किया गया है कि बेंजामिन नेतन्याहू का घर मिसाइल हमले का निशाना बना है। इससे पहले दिन में बेंजामिन नेतन्याहू के कार्यालय ने सोशल मीडिया पर चल रही उन अफवाहों को खारिज कर दिया, जिनमें दावा किया जा रहा था कि ईरान की जवाबी कार्रवाई में उनकी हत्या कर दी गई है।