'बातचीत नहीं, सीधा हमला करो...', ईरानी युवक ने सुसाइड करने से पहले ट्रंप के नाम जारी किया दर्दनाक वीडियो

Iran News: हमीदी ने वीडियो में भावुक होते हुए कहा कि ईरान के निहत्थे लोग एक हथियारों से लैस सत्ता का मुकाबला अकेले नहीं कर सकते। उन्होंने सीधे तौर पर ट्रंप को संबोधित करते हुए कहा, 'ईरान पर अमेरिका का हमला ही अब हमारी आखिरी उम्मीद है, कृपया इस शासन के साथ कोई डील न करें'

अपडेटेड Feb 10, 2026 पर 10:08 AM
Story continues below Advertisement
हमीदी ने वीडियो में दावा किया कि ईरान में सरकार विरोधी प्रदर्शनों के दौरान अब तक 40,000 से अधिक लोग मारे जा चुके हैं

Iranian Man Appeals To Trump: ईरान के बुशहर शहर से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है जिसने पूरी दुनिया को झकझोर कर रख दिया है। दरअसल पूरिया हमीदी नाम के एक ईरानी युवक ने आत्महत्या करने से पहले सोशल मीडिया पर 10 मिनट का एक वीडियो संदेश जारी किया, जिसमें उसने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और पश्चिमी देशों से ईरान सरकार के साथ किसी भी तरह का कूटनीतिक समझौता न करने की गुहार लगाई है। हमीदी ने अंग्रेजी में रिकॉर्ड किए गए इस वीडियो में कहा कि अगर यह मैसेज देखा जा रहा है, तो इसका मतलब है कि वह अब इस दुनिया में नहीं है।

ईरान की दर्दनाक स्थिति के बीच बाहरी हस्तक्षेप की मांग

पूरिया हमीदी ने वीडियो में दावा किया कि ईरान में सरकार विरोधी प्रदर्शनों के दौरान अब तक 40,000 से अधिक लोग मारे जा चुके हैं, जो रूस-यूक्रेन या इजरायल-फिलिस्तीन युद्ध की तुलना में कहीं अधिक है। हालांकि इन आंकड़ों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है, लेकिन हमीदी का दर्द उनके शब्दों में साफ झलकता था। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि ईरान के निहत्थे लोग एक हथियारों से लैस सत्ता का मुकाबला अकेले नहीं कर सकते। उन्होंने सीधे तौर पर ट्रंप को संबोधित करते हुए कहा, 'ईरान पर अमेरिका का हमला ही अब हमारी आखिरी उम्मीद है, कृपया इस शासन के साथ कोई डील न करें।'


विपक्ष से एकजुट होने की अपील

वीडियो के दौरान हमीदी ने निर्वासन में रह रहे ईरानी शाही परिवार के सदस्य रेजा पहलवी का समर्थन किया और उन्हें अंतरिम सरकार के लिए सबसे अच्छा विकल्प बताया। उन्होंने अपनी मानसिक स्थिति बयां करते हुए कहा कि वह न सो पा रहे हैं और न ही खा पा रहे हैं, क्योंकि उन्हें अपने देश में कोई भविष्य नजर नहीं आता। वीडियो के अंत में उन्होंने फारसी भाषा में अपने देशवासियों से एक-दूसरे का साथ देने की अपील की और 'लॉन्ग लिव ईरान' के नारे के साथ अपनी बात खत्म की। ईरानी मीडिया और एक्टिविस्ट्स के अनुसार, इस वीडियो के जारी होने के तुरंत बाद हमीदी ने मौत को गले लगा लिया।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।