डिस्क कटर से लैस कुछ लोग स्कूटर पर सवार होकर पेरिस के कड़ी सुरक्षा वाले लूव्र म्यूजियम में पहुंचे, कीमती गहने चुराए और सात मिनट में वहां से चले भी गए। इतना समय कोई फ्रेंच फ्राइज भी खाकर खत्म नहीं कर सकता, जितने देर में इन लोगों ने विश्व प्रसिद्ध इस म्यूजियम में इस चोरी को अंजाम दिया। यह संग्रहालय, जो दुनिया में सबसे ज्यादा देखा जाने वाला म्यूजियम है और जहां मोनालिसा की कलाकृति रखी गई है, डकैती के बाद रविवार सुबह (फ्रांसीसी समयानुसार) बंद कर दिया गया।
न्यूज एजेंसी AFP ने बताया कि यह डकैती सुबह 9.30 से 9.40 के बीच की गई, जबकि फ्रांस के गृह मंत्री लॉरेंट नुनेज ने बताया कि इस चोरी को महज सात मिनट में अंजाम दिया गया।
फ्रांस के अखबार ले पेरिसियन ने मंत्री के हवाले से कहा, "कुछ लोग चेरी पिकर, एक तरह की हाइड्रोलिक सीढ़ी, के साथ बाहर से घुसे और कीमती आभूषण चुरा लिए।" यह वारदात "सात मिनट तक चली"।
नुनेज ने बताया कि तीन-चार लोगों ने इस चोरी को अंजाम दिया और उनका ध्यान गैलेरी डी'अपोलोन (अपोलो की गैलरी) में दो प्रदर्शनों पर था। मंत्री ने कहा, "साफ तौर से यह एक टीम थी जिसने टोही का काम किया था।" उन्होंने आगे बताया कि शीशों को "डिस्क कटर से" काटा गया था।
ले पेरिसियन ने कहा कि "नेपोलियन और महारानी के आभूषण कलेक्शन से नौ गहने" चोरी हो गए थे और उनमें से एक आभूषण संग्रहालय के बाहर मिला।
रिपोर्टों के अनुसार, तीन-चार चोर बास्केट लिफ्ट का इस्तेमाल करके सीन नदी के सामने वाले हिस्से से गैलरी तक पहुंचे, जहां निर्माण कार्य चल रहा था। उन्होंने डिस्क कटर की मदद से खिड़कियों के रास्ते अंदर प्रवेश किया, नौ गहने चुराए और भाग गए।
ऐसा माना जा रहा है कि संग्रहालय के बाहर जो आभूषण मिला है, वो महारानी यूजिनी का मुकुट है, जो टूट गया था।
पेरिस सेंटर के मेयर एरियल वील ने ले पेरिसियन को दिए एक बयान में कहा कि यह बेहद चौंकाने वाला है कि लूव्र में इतनी आसानी से डकैती हो सकती है। उन्होंने कहा, "यह वाकई चौंकाने वाला है... अब तक यह किसी फिल्म की स्क्रिप्ट जैसा ही रहा है। यह कल्पना करना मुश्किल है कि लूव्र में सेंध लगाना इतना आसान कैसे हो सकता है... इस जगह का अप्रत्याशित रूप से बंद होना सार्वजनिक व्यवस्था के लिए एक बड़ी समस्या पैदा कर रहा है।"