ड्रग माफिया एल मेंचो की मौत के बाद मैक्सिको में कोहराम मचा हुआ है। ड्रग माफिया से जुड़े लोगों ने मैक्सिको के कई शहरों में जमकर उत्पात मचाया। बता दें कि, बीते रविवार यानी 22 फरवरी को मैक्सिको की सेना ने देश के सबसे वांटेड ड्रग माफिया सरगना "एल मेंचो" को मार गिराया था और सबसे खास बात है कि उस कुख्यात ड्रग लॉर्ड तक पहुंचने के लिए उसकी एक गर्लफ्रेंड की अहम भूमिका रही। एल मेंचों पर 15 मिलियन डॉलर का इनाम था और वह कुख्यात जलिस्को न्यू जेनरेशन कार्टेल (CJNG) का चीफ था।
प्राइवेट आर्मी के घेरे में रहता था ड्रग माफिया
अपनी प्राइवेट आर्मी के सुरक्षा घेरे में रहने वाला मेंचो रविवार को एक एनकाउंटर में मारा गया। जब नेशनल गार्ड की स्पेशल इमीडिएट रिएक्शन फोर्स उसे पकड़ने पहुंची, तो दोनों तरफ से तेज गोलीबारी हुई। इस दौरान उसके साथ मौजूद हथियारबंद लोगों ने एक सैन्य हेलीकॉप्टर को निशाना बना दिया, जिससे उसे पास के बेस पर आपात लैंडिंग करनी पड़ी। एनकाउंटर के दौरान सैनिकों की जवाबी कार्रवाई में ओसेगुएरा और उसके दो सुरक्षा कर्मी घायल हो गए। मेक्सिको के रक्षा मंत्रालय के अनुसार, पश्चिमी राज्य जलिस्को के टपालपा इलाके के पास एक जंगल में चलाए गए स्पेशल ऑपरेशन में एल मेंचो गंभीर रूप से जख्मी हो गया। बाद में उसे हेलीकॉप्टर से ले जाया जा रहा था, जहां उसकी मौत हो गई। मैक्सिको के सबसे खूंखार कार्टेल सरगनाओं में शामिल एल मेंचो, एक खतरनाक आपराधिक नेटवर्क का मास्टरमाइंड माना जाता था। उसका सिनालोआ कार्टेल से भी पुराना टकराव रहा है।
मैक्सिको के रक्षा मंत्री रिकार्डो ट्रेविला के अनुसार, जलिस्को न्यू जनरेशन कार्टेल के सरगना नेमेसियो ओसेगुएरा का ठिकाना उसकी एक गर्लफ्रेंड के जरिए पता चला। बताया गया कि वह पश्चिमी मेक्सिको के खूबसूरत गांव टपालपा में छिपा हुआ था, जो छुट्टियों के घरों के लिए जाना जाता है। उसकी करीबी से मिली भरोसेमंद जानकारी के आधार पर अधिकारियों ने अगले ही दिन उसके ठिकाने पर छापा मारने की योजना तेजी से तैयार की। एएफपी न्यूज एजेंसी के अनुसार, मैक्सिको के रक्षा सचिव रिकार्डो ट्रेविला ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि ‘एल मेंचो’ की एक करीबी महिला साथी को एक विश्वसनीय व्यक्ति टपालपा के एक घर तक लेकर आया था। ट्रेविला ने कहा कि शनिवार को वह महिला ओसेगुएरा से मिली और बाद में वहां से चली गई।
ऑपरेशन में 62 लोगों की गई जान
वहीं लोकेशन मिलने के बाद मैक्सिको के नेशनल गार्ड की स्पेशल इमीडिएट रिएक्शन फोर्स ने रविवार को जमीन और हवाई दोनों रास्तों से कार्रवाई के लिए तेजी से योजना बनाई। रक्षा अधिकारियों के अनुसार, टीम बिना ज्यादा हलचल किए इलाके में पहुंची ताकि ऑपरेशन सिक्रेट रहे और अचानक एक्शन का फायदा मिल सके। जब यह पक्का हो गया कि, ड्रग माफिया ओसेगुएरा यानी एल मेंचों वहीं मौजूद है, तो सुरक्षा बलों ने उसके ठिकाने पर छापा मारने का फैसला किया। रविवार सुबह हुई इस कार्रवाई में कम से कम 62 लोगों की मौत हुई। इनमें नेशनल गार्ड और मिलिट्री पुलिस के 25 जवान और 34 संदिग्ध गैंग सदस्य शामिल थे। रॉयटर्स के अनुसार, कार्टेल समर्थकों ने एक दर्जन से ज्यादा राज्यों में करीब 85 जगहों पर गाड़ियां जलाकर सड़कें बंद कर दीं।
मैक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शीनबाम ने कहा कि अब हालात धीरे-धीरे सामान्य हो रहे हैं और रोडब्लॉक पर काबू पा लिया गया है। फिर भी सरकार ने न्यू जनरेशन कार्टेल (CJNG) का गढ़ जलिस्को राज्य में 2,000 अतिरिक्त सैनिक तैनात कर दिए हैं। हिंसा बढ़ने से आम लोगों और तटीय शहरों में घूमने आए पर्यटकों में डर का माहौल है। ट्रेविला ने बताया कि दो और लोगों को ग्वाडलहारा के एक अस्पताल में एयरलिफ्ट किया जा रहा था, जबकि मेंचो की रास्ते में ही मौत हो गई। बाद में शवों को हवाई जहाज से मेक्सिको सिटी ले जाया गया और अटॉर्नी जनरल के कार्यालय को सौंप दिया गया। अभी यह साफ नहीं है कि उसका अंतिम संस्कार कहां होगा।