कीव ने आज एक्स पर एक पोस्ट में आरोप लगाया कि यूक्रेन के कुसुम में एक भारतीय दवा कंपनी के गोदाम पर रूसी मिसाइल ने हमला किया। भारत स्थित यूक्रेन के दूतावास ने आरोप लगाया कि रूस ने यूक्रेन में भारतीय कंपनी को “जानबूझकर” निशाना बनाया है। भारत के साथ "खास दोस्ती" का दावा करते हुए, मास्को जानबूझकर भारतीय कारोबार को निशाना बना रहा है। ऐसा कर के वो बच्चों और बुजुर्गों के लिए बनी दवाओं को खत्म कर रहा है।
यूक्रेन के दूतावास ने कहा, "आज रूसी मिसाइल ने यूक्रेन में भारतीय दवा कंपनी कुसुम के गोदाम पर हमला किया। भारत के साथ 'विशेष मित्रता' का दावा करते हुए, मास्को जानबूझकर भारतीय व्यवसायों को निशाना बना रहा है - बच्चों और बुजुर्गों के लिए बनी दवाओं को नष्ट कर रहा है।"
हमले के बाद फैक्ट्री की स्थिति की तस्वीर सबसे पहले यूक्रेन में ब्रिटिश राजदूत मार्टिन हैरिस ने शेयर की थी।
उन्होंने X पर फोटो शेयर करते हुए लिखा, "आज सुबह रूसी ड्रोन ने कीव में एक प्रमुख दवा गोदाम को पूरी तरह से नष्ट कर दिया, जिसमें बुजुर्गों और बच्चों के लिए जरूरी दवाओं का स्टॉक जलकर राख हो गया। यूक्रेनी नागरिकों के खिलाफ रूस का आतंक अभियान जारी है।"
इससे पहले आज, रूस के रक्षा मंत्रालय ने आरोप लगाया कि यूक्रेन ने पिछले दिन रूस के एनर्जी इंफ्रास्ट्रक्चर पर पांच हमले किए, जो ऐसे हमलों पर अमेरिका की ओर से लगाए गए प्रतिबंध का उल्लंघन है।
यूक्रेन और रूस ने पिछले महीने एक-दूसरे की एनर्जी फैसिलिटी पर हमले रोकने पर सहमति जताई थी, लेकिन दोनों पक्षों ने बार-बार एक-दूसरे पर प्रतिबंध तोड़ने का आरोप लगाया है।