Imran Khan News: पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की बहनों, डॉ. उज्मा खान और अलीमा खान ने सरकार और सेना पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने दावा किया कि जेल में बंद इमरान खान की हत्या की 'साजिश' रची जा रही है। उन्होंने इस तथाकथित साजिश के पीछे पाकिस्तान के सेना प्रमुख फील्ड मार्शल असीम मुनीर और गृह मंत्री मोहसिन नकवी का नाम लिया है।
इमरान खान की बहन उज्मा खान ने बताया कि हाल ही में जेल में हुई मुलाकात के दौरान इमरान ने उनसे कहा, 'ये लोग मुझे मार डालेंगे, उन्होंने मेरी हत्या की योजना बना ली है।' बहनों का आरोप है कि 'असीम मुनीर शासन' इमरान को खत्म करना चाहता है। इसके साथ ही उन्होंने अपनी सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई और कहा कि मोहसिन नकवी उन्हें धमकियां दे रहे हैं। उज्मा ने चेतावनी देते हुए कहा, 'अगर इमरान खान या हमें कुछ भी हुआ, तो हम किसी की आने वाली पीढ़ियों को भी नहीं बख्शेंगे।'
लगातार गिर रहा है इमरान खान का स्वास्थ्य
अलीमा खान ने इमरान खान की आंखों की सेहत को लेकर गहरी चिंता जताई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार द्वारा भेजे गए डॉक्टरों की टीम पर उन्हें भरोसा नहीं है। बहनों की मांग है कि, इमरान की जांच उनके निजी डॉक्टरों डॉ. असीम और डॉ. फैसल से कराई जाए। उनका इलाज इस्लामाबाद के शिफा इंटरनेशनल अस्पताल में परिवार की देखरेख में हो। परिवार के प्रतिनिधि के तौर पर उनके चचेरे भाई नौशेरवान बुर्की को मेडिकल जांच के दौरान मौजूद रहने दिया जाए, जिसे सरकार ने अब तक खारिज कर दिया है।
दिग्गज क्रिकेटरों ने भी जताई चिंता
इमरान खान की सुरक्षा और सेहत का मुद्दा अब पाकिस्तान से बाहर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी चर्चा में है। क्रिकेट जगत की दिग्गज हस्तियों जैसे वसीम अकरम, वकार यूनुस, सुनील गावस्कर और कपिल देव ने भी इमरान खान की सुरक्षा और उनके उचित इलाज की अपील की है। इन दिग्गजों ने मांग की है कि पूर्व पीएम की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तत्काल ध्यान दिया जाए।
पीटीआई और सरकार के बीच बढ़ता तनाव
इन आरोपों ने इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) और मौजूदा सरकार के बीच राजनीतिक टकराव को और तेज कर दिया है। जहां एक तरफ सरकार इन आरोपों को बेबुनियाद बता रही है, वहीं इमरान का परिवार और उनकी पार्टी इसे एक बड़ी 'जानलेवा साजिश' करार दे रही है। फिलहाल, इमरान खान की सेहत और उनकी सुरक्षा को लेकर सस्पेंस और तनाव दोनों ही बढ़ते जा रहे है।