Nepal Election Results : एकतरफा जीत की ओर बालेन, केपी ओली की पार्टी का बुरा हाल...वोटों की गिनती है जारी

Nepal Election Result: काठमांडू के पूर्व मेयर बालेंद्र शाह ने झापा-5 सीट पर केपी शर्मा ओली के खिलाफ अपनी बढ़त और मजबूत कर ली है। इस सीट पर शाह अब 4,000 से ज्यादा वोटों से आगे हैं, जबकि ओली को अभी तक करीब 1,200 से थोड़ा ज्यादा वोट मिले हैं

अपडेटेड Mar 06, 2026 पर 2:56 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
रवि लामिछाने के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (RSP) अकेले बहुमत की ओर बढ़ रही है।

नेपाल में हुए हाई-स्टेक आम चुनाव के वोटों की गिनती जारी है। शुरुआती रुझानों में रैपर से नेता बने बालेंद्र शाह की पार्टी बढ़त बनाती नजर आ रही है। 117 सीटों पर आए शुरुआती रुझानों में रैपर और काठमांडू के मेयर रहे बालेन शाह की राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी 1 सीट जीतने के साथ 92 सीटों पर आगे चल रही है। वहीं गगन थापा की नेपाली कांग्रेस फिलहाल सिर्फ़ 8 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। दूसरी तरफ, पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली की पार्टी UML (कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ नेपाल–यूएमएल) करीब 8 सीटों पर आगे चल रही है।

बालेंद्र शाह की पार्टी ने बनाई मजबूत बढ़त 

द काठमांडू पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, काठमांडू के पूर्व मेयर बालेंद्र शाह ने झापा-5 सीट पर केपी शर्मा ओली के खिलाफ अपनी बढ़त और मजबूत कर ली है। इस सीट पर शाह अब 4,000 से ज्यादा वोटों से आगे हैं, जबकि ओली को अभी तक करीब 1,200 से थोड़ा ज्यादा वोट मिले हैं। कुल मिलाकर शुरुआती रुझानों में बालेंद्र शाह की पार्टी सबसे आगे दिखाई दे रही है, जबकि नेपाली कांग्रेस और UML काफी पीछे चल रही हैं।


मालूम हो कि रवि लामिछाने के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (RSP) अकेले बहुमत की ओर बढ़ रही है। RSP 2022 के राष्ट्रीय चुनाव में चौथी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी। रबि लामिछाने की नेतृत्व में तब इस पार्टी को 275 में से 20 सीटें मिली थीं। पिछले साल दिसंबर में काठमांडू के मेयर बालेन शाह RSP में शामिल हो गए। बालेन शाह को प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित करने के बाद RSP काफी लोकप्रिय हो गई।

गिनती में लगेंगे तीन से चार दिन

बता दें कि, नेपाल में पिछले साल सितंबर में हुए हिंसक प्रदर्शनों के बाद गुरुवार को हुए चुनाव में 60% से ज्यादा लोगों ने वोट डाले। वोटों की गिनती में 3 से 4 दिन लगने की उम्मीद है। चुनाव आयोग ने कहा है कि 9 मार्च तक काउंटिंग पूरी करने की कोशिश की जाएगी।

165 सीटों पर हुआ है चुनाव

नेपाल की संसद के निचले सदन में कुल 275 सीटें हैं। इनमें से 165 सीटों पर सीधे चुनाव के जरिए प्रतिनिधि चुने जाते हैं और फिलहाल इन्हीं सीटों की गिनती चल रही है। वहीं बाकी 110 सीटें बाद में प्रोपोर्शनल रिप्रेजेंटेशन सिस्टम के तहत भरी जाएंगी। इस चुनाव के लिए गुरुवार को मतदान कराया गया था। यह चुनाव ऐसे समय में हुआ है जब कुछ महीने पहले Gen Z के नेतृत्व में हुए बड़े विरोध प्रदर्शन के बाद केपी शर्मा ओली और उनकी पार्टी कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ नेपाल (यूनिफाइड मार्क्सिस्ट–लेनिनिस्ट) की सरकार सितंबर 2025 में सत्ता से बाहर हो गई थी। अब वोटों की गिनती जारी है और शुरुआती नतीजों से यह साफ हो रहा है कि इस चुनाव में नई राजनीतिक ताकतें उभरकर सामने आ रही हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।