New York Shooting: न्यूयॉर्क में मौत का तांडव…गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंजा रेस्टोरेंट, 3 की मौत, 8 घायल

New York Shooting: न्यूयॉर्क पुलिस कमिश्नर जेसिका टिश ने बताया कि बाकी आठ घायलों का इलाज स्थानीय अस्पतालों में हो रहा है और उनकी चोटें जानलेवा नहीं हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस को कई 911 कॉल्स मिलीं और कुछ ही मिनटों में मौके पर पहुँचकर 27 से 61 साल उम्र के 11 घायलों को पाया

अपडेटेड Aug 17, 2025 पर 6:28 PM
Story continues below Advertisement
अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है।

New York Shooting: अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। अमेरिका के न्यूयॉर्क में रविवार को कई बंदूकधारियों ने ब्रुकलिन के एक होटल में लोगों पर गोलीबारी कर दी, जिसमें 3 लोग मारे गए और 8 घायल हो गए। ​​बता दें कि न्यूयॉर्क के ब्रुकलिन (Brooklyn) के क्राउन हाइट्स इलाके में एक रेस्टोरेंट के अंदर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं गईं। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

ब्रुकलिन रेस्टोरेंट में फायरिंग

कई मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, रविवार तड़के ब्रुकलिन के एक रेस्टोरेंट में हुई गोलीबारी में कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई और आठ लोग घायल हुए। यह घटना क्राउन हाइट्स इलाके की फ्रैंकलिन एवेन्यू पर स्थित टेस्ट ऑफ द सिटी लाउंज में स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 3:30 बजे हुई। न्यूयॉर्क पोस्ट के अनुसार, मृतकों में तीन पुरुष शामिल हैं। इनमें से एक की उम्र 27 साल, दूसरे की 35 साल बताई गई है, जबकि तीसरे की उम्र की जानकारी सामने नहीं आई है।

पुलिस ने दी जानकारी

न्यूयॉर्क पुलिस कमिश्नर जेसिका टिश ने बताया कि बाकी आठ घायलों का इलाज स्थानीय अस्पतालों में हो रहा है और उनकी चोटें जानलेवा नहीं हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस को कई 911 कॉल्स मिलीं और कुछ ही मिनटों में मौके पर पहुँचकर 27 से 61 साल उम्र के 11 घायलों को पाया। फॉक्स न्यूज़ की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस रेस्टोरेंट के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रहे हैं। घटनास्थल से कम से कम 36 कारतूस के खोल बरामद हुए हैं। इसके अलावा पास से एक बंदूक भी मिली है, जिसकी जांच की जा रही है कि क्या उसका इस्तेमाल इस गोलीबारी में हुआ था।


बता दें कि "टेस्ट ऑफ़ द सिटी" लाउंज साल 2022 में खोला गया था। यह जगह ऐतिहासिक ब्रुकलिन म्यूज़ियम से आधे मील से भी कम दूरी पर स्थित है। लाउंज रविवार को सुबह करीब 3 बजे तक खुला रहता है। यहां पर अमेरिकी और कैरेबियाई व्यंजन परोसे जाते हैं। साथ ही इसमें एक फुल बार, हुक्का और डीजे म्यूज़िक की भी सुविधा उपलब्ध है।

अमेरिका में मास शूटिंग की घटनाएं

अमेरिका में हाल के समय में सामूहिक गोलीबारी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। इसकी एक बड़ी वजह वहाँ बंदूकों की आसान और व्यापक उपलब्धता मानी जाती है। इससे पहले साउथ वर्जीनिया में भी ऐसी ही एक घटना हुई थी। वहाँ एक घर पर वारंट तामील करने गए अधिकारियों पर गोलीबारी की गई। इस दौरान कई पुलिस अधिकारियों को गोली लगी, हालांकि उनकी चोटें जानलेवा नहीं थीं। बाद में एक स्वाट टीम को पीड़ित अधिकारियों को सुरक्षित बाहर निकालना पड़ा।

कुछ दिन पहले न्यूयॉर्क के मशहूर पर्यटन स्थल टाइम्स स्क्वायर में गोलीबारी की घटना हुई। शनिवार को हुई इस घटना में कम से कम तीन लोग घायल हो गए। बताया जा रहा है कि यह फायरिंग एक मौखिक विवाद के बाद हुई, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत फैल गई। पुलिस ने एक 17 वर्षीय लड़के को हिरासत में लिया है और उसके पास से बंदूक भी बरामद की गई है। टाइम्स स्क्वायर जैसी भीड़-भाड़ वाली जगह पर हुई यह घटना लोगों के लिए बेहद चौंकाने वाली रही।

MoneyControl News

MoneyControl News

First Published: Aug 17, 2025 6:18 PM

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।