Nobel Prize 2025 for Literature: हंगरी के मशहूर लेखक लासलो क्रसनाहोरकई को 2025 के साहित्य के नोबेल पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। नोबेल समिति के अनुसार, उनकी सम्मोहक और दूरदर्शी कृति के लिए उन्हें सम्मानित किया जाएगा। क्रासनाहोरकई इसके साथ ही इस प्रतिष्ठित पुरस्कार को पाने वाले अर्नेस्ट हेमिंग्वे, अल्बर्ट कामू और टोनी मॉरिसन जैसे साहित्य दिग्गजों की लिस्ट में शामिल हो गए हैं।
स्वीडिश अकादमी की नोबेल समिति द्वारा अब तक कुल 121 विजेताओं को साहित्य के क्षेत्र में यह पुरस्कार 117 बार प्रदान किया जा चुका है। पिछले साल का पुरस्कार दक्षिण कोरियाई लेखिका हान कांग को उनकी उस कृति के लिए दिया गया था। इसके बारे में समिति ने कहा था कि वह "ऐतिहासिक आघातों का सामना करती है और मानव जीवन की संवेदनशीलता को उजागर करती है।"
चिकित्सा, भौतिकी और रसायन विज्ञान के क्षेत्र में 2025 के नोबेल पुरस्कारों की घोषणा के बाद, साहित्य का पुरस्कार इस सप्ताह घोषित होने वाला चौथा पुरस्कार है। नोबेल शांति पुरस्कार के विजेता की घोषणा शुक्रवार (9 अक्टूबर) को की जाएगी।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को इस पुरस्कार के लिए चुने जाने की संभावना कम ही मानी जा रही है। हालांकि, उन्होंने हाल में संयुक्त राष्ट्र के प्रतिनिधियों से कहा था कि हर कोई कहता है कि मुझे नोबेल शांति पुरस्कार मिलना चाहिए। अंतिम नोबेल अर्थशास्त्र का नोबेल मेमोरियल पुरस्कार, सोमवार को घोषित किया जाएगा।
नोबेल पुरस्कार समारोह 10 दिसंबर को आयोजित किए जाते हैं। यह इस पुरस्कार के संस्थापक अल्फ्रेड नोबेल की पुण्यतिथि है जिनका 1896 में निधन हुआ था। नोबेल एक स्वीडिश उद्योगपति और डायनामाइट के आविष्कारक थे।
सुसुमु कितागावा, रिचर्ड रॉब्सन और उमर एम याघी को रसायन विज्ञान का नोबेल पुरस्कार दिया जाएगा। जबकि जॉन क्लार्क, माइकल एच डेवोरेट और जॉन एम मार्टिनिस को क्वांटम मेकेनिक्स में उनकी खोजों के लिए भौतिकी के नोबेल पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।