Venezuela Crisis: 'देश के केवल एक ही राष्ट्रपति है', उपराष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज ने ट्रंप के दावे को नकारा; मादुरो के प्रति अटूट वफादारी का किया ऐलान

Venezuela Interim President: निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी सीलिया फ्लोर्स को एक अमेरिकी सैन्य विमान से न्यूयॉर्क लाया गया है। उन्हें मैनहट्टन स्थित ड्रग एनफोर्समेंट एडमिनिस्ट्रेशन के मुख्यालय ले जाया गया है। उन पर 'नार्को-टेररिज्म' यानी नशीली दवाओं के व्यापार से आतंकवाद बढ़ाने के आरोप हैं

अपडेटेड Jan 04, 2026 पर 8:23 AM
Story continues below Advertisement
उन्होंने ट्रंप के इस दावे को झूठ बताया कि वे अमेरिका के साथ सहयोग कर रही हैं

Delcy Rodríguez: वेनेजुएला और अमेरिका के बीच चल रहे सैन्य और कूटनीतिक संघर्ष ने एक नया मोड़ ले लिया है। अमेरिका द्वारा राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को हिरासत में लेने और न्यूयॉर्क ले जाने के दावों के बीच, वेनेजुएला की उपराष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज ने टीवी पर एक बेहद आक्रामक और भावुक भाषण दिया। उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस दावे को सिरे से खारिज कर दिया जिसमें कहा गया था कि डेल्सी अमेरिका के साथ मिलकर देश चलाने को तैयार है।

'मादुरो ही हमारे राष्ट्रपति हैं', डेल्सी का ट्रंप पर तीखा प्रहार

लाइव टीवी संबोधन में डेल्सी रोड्रिग्ज का रुख बेहद सख्त और चुनौतीपूर्ण था। उन्होंने ट्रंप के इस दावे  को झूठा बताया कि वे अमेरिका के साथ सहयोग कर रही हैं। उन्होंने दो टूक कहा, 'इस देश में केवल एक ही राष्ट्रपति है, और उनका नाम निकोलस मादुरो मोरोस है'। डेल्सी ने स्पष्ट किया कि वे अमेरिका के साथ केवल तभी बातचीत करेंगी जब वह अंतरराष्ट्रीय और वेनेजुएला के कानूनों के दायरे में हो। उन्होंने इसे 'सैन्य हमला' बताते हुए कहा कि बिना सम्मान के कोई संबंध स्वीकार नहीं किया जाएगा।


अमेरिका पर लगाए गंभीर आरोप

उपराष्ट्रपति ने अमेरिका के हालिया सैन्य ऑपरेशन 'एब्सोल्यूट रिजॉल्व' को लेकर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि इस हमले से अमेरिका के चेहरे से 'मुखौटे उतर चुके हैं'। अमेरिका का उद्देश्य लोकतंत्र नहीं, बल्कि वेनेजुएला में 'सत्ता परिवर्तन' है।डेल्सी ने दावा किया कि अमेरिका वेनेजुएला के विशाल ऊर्जा भंडार, खनिजों और प्राकृतिक संसाधनों पर कब्जा करना चाहता है। उन्होंने इसे अंतरराष्ट्रीय समुदाय के सामने 'साम्राज्यवादी आक्रामकता' करार दिया।

'हम दोबारा गुलाम नहीं बनेंगे'

अपने भाषण के अंत में डेल्सी रोड्रिग्ज ने वेनेजुएला के लोगों में जोश भरते हुए कहा, 'वेनेजुएला के लोग और यह देश पूरी तरह स्पष्ट हैं कि हम फिर कभी गुलाम नहीं बनेंगे। हम किसी भी साम्राज्य की कॉलोनी बनकर नहीं रहेंगे, चाहे वह कितना भी शक्तिशाली क्यों न हो।'

न्यूयॉर्क में हलचल, मादुरो पहुंचे DEA दफ्तर

इस बीच रिपोर्टों के अनुसार, निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी सीलिया फ्लोर्स को एक अमेरिकी सैन्य विमान से न्यूयॉर्क लाया गया है। उन्हें मैनहट्टन स्थित ड्रग एनफोर्समेंट एडमिनिस्ट्रेशन (DEA) के मुख्यालय ले जाया गया है। उन पर 'नार्को-टेररिज्म' यानी नशीली दवाओं के व्यापार से आतंकवाद बढ़ाने के आरोप हैं। सोशल मीडिया पर कुछ फुटेज वायरल हो रहे हैं जिसमें मादुरो को अमेरिकी सुरक्षा घेरे में देखा जा सकता है, जहां उन्होंने उतरते वक्त कथित तौर पर 'गुडनाइट, हैप्पी न्यू ईयर' कहा।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।