Congo Mine Collapse: पूर्वी डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो के रुबाया इलाके में स्थित एक विशाल कोल्टन खदान के धंसने से कम से कम 227 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई है। यह हादसा बुधवार को भारी बारिश के बाद हुए लैंडस्लाइड के कारण हुआ। खदान के मलबे में अभी भी कई लोगों के दबे होने की आशंका है, जिससे मृतकों का आंकड़ा और बढ़ सकता है।
बारिश और कमजोर जमीन बनी मौत का कारण
स्थानीय विद्रोहियों द्वारा नियुक्त प्रांतीय गवर्नर के प्रवक्ता लुमुम्बा काम्बेरे मुयिसा ने बताया कि मलबे की चपेट में आने वालों में केवल खनिक ही नहीं, बल्कि वहां मौजूद बच्चे और बाजार में काम करने वाली महिलाएं भी शामिल थीं। मुयिसा के अनुसार, इलाके में इस समय बारिश का मौसम चल रहा है, जिससे जमीन बेहद कमजोर और नाजुक हो गई थी। जब लोग खदान के गड्ढों में काम कर रहे थे, तभी अचानक ऊपर से जमीन धंस गई और लोग जिंदा दफन हो गए।
दुनिया भर के मोबाइल फोन्स में इस्तेमाल होता है यहां का खनिज
रुबाया क्षेत्र वैश्विक कोल्टन उत्पादन का लगभग 15% हिस्सा कवर करता है। इस खनिज को रिफाइन करके 'टैंटलम' निकाला जाता है, जो मोबाइल फोन, लैपटॉप, एयरोस्पेस पार्ट्स और गैस टरबाइन में इस्तेमाल होने वाली एक बेशकीमती धातु है। विडंबना यह है कि वैश्विक तकनीक को चलाने वाला यह खनिज यहां स्थानीय मजदूरों द्वारा मात्र कुछ डॉलर्स की दिहाड़ी पर जान जोखिम में डालकर निकाला जाता है।
विद्रोही समूह का नियंत्रण और बचाव कार्य में चुनौतियां
साल 2024 से यह खदान AFC/M23 विद्रोही समूह के नियंत्रण में है। एक स्थानीय खनिक फ्रैंक बोलिंगो ने बताया कि भूस्खलन इतना भीषण था कि कई लोग सीधे शाफ्ट (गहरे गड्ढों) में ही फंस गए। हालांकि कुछ लोगों को समय रहते बचा लिया गया है, लेकिन वे गंभीर रूप से घायल हैं। इलाके में जारी संघर्ष और खराब मौसम के कारण बचाव कार्यों में भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।