Khawaja Asif: पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ इन दिनों अपनी 'डिफेंस स्ट्रैटेजी' के लिए नहीं, बल्कि एक 'पिज्जा स्लाइस' की वजह से सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बने हुए हैं। मामला सियालकोट का है, जहां मंत्री जी बड़े उत्साह के साथ एक नए पिज्जा हट (Pizza Hut) आउटलेट का उद्घाटन करने पहुंचे थे, लेकिन कहानी में ट्विस्ट तब आया जब खुद असली कंपनी ने इस आउटलेट को 'फर्जी' करार दे दिया। इसके बाद सोशल मीडिया पर मंत्री जी को जमकर ट्रोल किया गया।
सियालकोट कैंटोनमेंट में एक चमचमाता हुआ 'पिज्जा हट' खुला। उद्घाटन के लिए मुख्य अतिथि के रूप में रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ को बुलाया गया। तस्वीरों और वीडियो में मंत्री जी हाथ में कैंची थामे, फूलों की मालाओं के बीच मुस्कुराते हुए फीता काटते नजर आए। तालियां बजीं, तस्वीरें खिंचवाई गईं और शोर हुआ कि अब सियालकोट में भी इंटरनेशनल पिज्जा का स्वाद मिलेगा। हालांकि, जैसे ही उद्घाटन की तस्वीरें वायरल हुईं, Pizza Hut Pakistan ने एक आधिकारिक नोटिस जारी कर सबके होश उड़ा दिए। कंपनी ने साफ कहा कि इस आउटलेट का उनसे या उनकी पेरेंट कंपनी 'Yum! Brands' से कोई लेना-देना नहीं है।
पिज्जा हट पाकिस्तान ने सार्वजनिक नोटिस में लिखा, 'सियालकोट कैंट में खुला आउटलेट पूरी तरह अवैध है। यह हमारे ट्रेडमार्क का गलत इस्तेमाल है। यहां न तो हमारी रेसिपी इस्तेमाल हो रही है और न ही हमारे क्वालिटी स्टैंडर्ड्स। हमने इसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।' कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया कि पाकिस्तान में उनके केवल 16 असली आउटलेट हैं (14 लाहौर में और 2 इस्लामाबाद में)। यानी, मंत्री जी ने जिस पिज्जा हट का उद्घाटन किया, वह बस नाम का ही पिज्जा हट था!
सोशल मीडिया पर खूब हुआ हंगामा
इस घटना के बाद इंटरनेट पर मीम्स की बाढ़ आ गई है। लोगों ने मंत्री जी की जमकर खिंचाई की। 'एक फीता कटा, एक बयान फटा' एक यूजर ने लिखा कि यह अपने आप में एक रिकॉर्ड है कि उद्घाटन के कुछ ही घंटों बाद आउटलेट अवैध घोषित हो गया। 'डिफेंस फेल' दूसरे यूजर ने चुटकी ली, 'देश के रक्षा मंत्री उस आउटलेट की रक्षा नहीं कर पाए जो अपने ब्रांड की असलियत तक नहीं बचा सका।' एक और कमेंट आया, 'नेशनल सिक्योरिटी से लेकर पिज्जा सिक्योरिटी तक, पाकिस्तान को हर जगह 'वेरिफिकेशन' की सख्त जरूरत है।'
यह पहली बार नहीं है जब पाकिस्तान में किसी नेता के साथ ऐसा 'गाफ' हुआ हो, लेकिन रक्षा मंत्री के स्तर पर बिना जांच-पड़ताल के किसी फर्जी इंटरनेशनल चेन का उद्घाटन करना सरकार की 'इंटेलिजेंस' पर सवाल खड़े कर रहा है। फिलहाल, सियालकोट के लोग इस बात से दुखी हैं कि उन्हें 'असली' पिज्जा नहीं मिलेगा, और बाकी दुनिया इस बात पर हंस रही है कि मंत्री जी ने 'फर्जी' फीता काट दिया।