Pakistan-Afghanistan Border Clashes: पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच सीमा पर तनाव कम होने का नाम नहीं ले रहा है। पाकिस्तान ने बुधवार (15 अक्तूबर) को अफगानिस्तान के स्पिन बोल्डक शहर में फिर हवाई हमले किए। यह हमला चमन बॉर्डर क्रॉसिंग के पास किया है। पाकिस्तानियों ने तीन अफगान-तालिबान चौकियों को निशाना बनाया। सूत्रों के मुताबिक, लोगों ने ड्रोन और लड़ाकू विमानों से बम गिरते हुए देखा। इस हमले में दर्जनों तालिबानी लड़ाकों और आम लोगों की मौत की खबर है। झड़प में कम से कम 4 पाकिस्तानी सुरक्षा अधिकारियों के मारे जाने और चार के घायल होने की खबर है।
अफगान सीमा पुलिस ने बताया कि विस्फोटों के बाद इलाके में काला धुआं छा गया। कई घरों की खिड़कियां टूट गईं। करीब 10 आम लोगों को चमन के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अफगानिस्तान के स्पिन बोल्डक से बुधवार को एक वायरल वीडियो में उस जगह से घना काला धुआं उठता हुआ दिखाई दिया जहां हमला हुआ था। दोनों देशों के बीच वीकेंड में हुई घातक झड़पों ने तनाव बढ़ा दिया है। सैकड़ों लोग घायल हैं।
इस हमले के बाद रिपोर्टों में दावा किया गया है कि अफगान तालिबान बलों ने पाकिस्तानी सेना की एक सीमा चौकी को नष्ट कर दिया है और एक टैंक पर कब्जा कर लिया है। इसका इस्तेमाल पाकिस्तानी सेना ने तालिबान चौकियों को निशाना बनाने के लिए किया था।
11 अक्टूबर से जारी है संघर्ष
दोनों देशों के बीच लड़ाई 11 अक्टूबर की रात को शुरू हुई, जब अफगान बलों ने कई पाकिस्तानी सैन्य चौकियों पर हमला किया। न्यूज एजेंसी 'एसोसिएटेड प्रेस' के अनुसार, अफगान अधिकारियों ने पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र के बार-बार उल्लंघन के जवाब में 58 पाकिस्तानी सैनिकों को मारने का दावा किया है। AP ने पाकिस्तानी सेना के हवाले से कहा कि सीमा पर जवाबी कार्रवाई में उसके 23 सैनिक मारे गए और 200 से ज्यादा तालिबान और उससे जुड़े लड़ाके मारे गए।
अफगानिस्तान में सीमा पुलिस के प्रवक्ता अबीदुल्लाह उकाब के हवाले से कहा गया कि सोमवार को पाकिस्तान से लगी सभी सीमाएं व्यापार और लोगों की आवाजाही के लिए बंद रहीं। हालांकि दक्षिण-पश्चिमी चमन सीमा पार व्यापार के लिए बंद थी। फिर भी अधिकारियों ने रविवार से वहां फंसे लगभग 1,500 अफगान नागरिकों को कुछ समय के लिए पैदल घर लौटने की अनुमति दी।
पाकिस्तानी और अफगानिस्तान के बीच पिछले हफ्ते से तनाव चरम पर है। अफगानिस्तान की तालिबान सरकार ने पाकिस्तान पर राजधानी काबुल और पूर्वी देश के एक बाजार में हवाई हमले करने का आरोप लगाया था। पाकिस्तान ने पहले भी अफगानिस्तान के अंदर हमले किए थे। उन जगहों को निशाना बनाया था जहां आतंकवादी छिपे होने का दावा किया गया था।
दोनों देशों के बीच पहले भी सीमा पर झड़पें हो चुकी हैं। हालांकि, ताजा लड़ाई अब तक की सबसे भीषण हो रही है। इसने उनके बीच बढ़ती दुश्मनी को और भी गहरा कर दिया है। पाकिस्तान लंबे समय से काबुल पर प्रतिबंधित पाकिस्तानी तालिबान के सदस्यों को पनाह देने का आरोप लगाता रहा है, जिसे इस्लामाबाद देश के अंदर घातक हमलों के लिए जिम्मेदार ठहराता है। हालांकि, तालिबान सरकार इस आरोपों से इनकार करता आ रहा है।