पाकिस्तान ने भारत के साथ युद्ध विराम समझौते के बाद अपने हवाई क्षेत्र (Airspace) को सभी कमर्शियल और मिलिट्री फ्लाइट्स के लिए फिर से खोल दिया है। भारत और पाकिस्तान के बीच सीजफायर एग्रीमेंट 10 मई, 2025 को शाम 5 बजे से प्रभावी हुआ है। पाकिस्तान एयरपोर्ट अथॉरिटी (PAA) ने इस बात की पुष्टि की है कि देश के हवाई क्षेत्र को सभी प्रकार के एयरक्राफ्ट के लिए पूरी तरह से फिर से खोल दिया गया है। भारत और पाकिस्तान के बीच मिसाइल और ड्रोन हमलों सहित कई सैन्य कार्रवाइयों के कारण पाकिस्तान ने हवाई क्षेत्र को अस्थायी रूप से बंद कर दिया था।
22 अप्रैल को जम्मूकश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले और भारत के जवाबी 'ऑपरेशन सिंदूर' के बाद दोनों मुल्कों में संघर्ष बढ़ गया। 'ऑपरेशन सिंदूर' के तहत 6-7 मई की रात भारत ने पाकिस्तान और पाकिस्तान ऑक्यूपाइड कश्मीर में 9 आतंकी ठिकानों को नष्ट किया था। इसके बाद पाकिस्तान ने 7 मई की रात में 12 बजे से पहले और 12 बजे के बाद और 8-9 मई की रात को जम्मू-कश्मीर से लेकर गुजरात तक भारत में कई स्थानों को निशाना बनाकर ड्रोन हमलों की एक लहर शुरू की। लेकिन इन हमलों को भारतीय सेना ने विफल कर दिया। इसके बाद 9-10 मई की रात को भी पाकिस्तान की ओर से गोलाबारी और ड्रोन-मिसाइल अटैक जारी रहे और भारत इन्हें नाकाम करता रहा। भारतीय सशस्त्र बलों ने पाकिस्तान की कार्रवाई के जवाब में केवल चिह्नित सैन्य लक्ष्यों पर सटीक हमले किए।
पाकिस्तान ने किया सीजफायर का उल्लंघन
इस बीच खबर है कि पाकिस्तान अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। सीजफायर के 3 घंटे बाद ही पाकिस्तान ने फिर से नापाक हरकत की है। जम्मू-कश्मीर के अखनूर, पुंछ, आरएसपुरा और नौशेरा सेक्टर में हैवी फायरिंग की है। ड्रोन देखे गए हैं। वहीं, राजौरी में शेलिंग (तोप और मोर्टार) की गई।
भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध विराम की घोषणा अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने की। इसके बाद भारत के विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने इसकी पुष्टि की। पाकिस्तान की ओर से भी आधिकारिक तौर पर सीजफायर की पुष्टि की गई। लेटेस्ट अपडेट के अनुसार, पाकिस्तान में फ्लाइट ऑपरेशंस फिर से शुरू हो गए हैं और एयरलाइंस धीरे-धीरे अपने रेगुलर शेड्यूल पर लौट रही हैं। पाकिस्तान एयरपोर्ट अथॉरिटी स्थिति पर बारीकी से नजर रख रही है।