पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच जंग जारी है। बीते दिनों पाकिस्तान ने अफगानिस्तान पर एयर स्ट्राइक किया। पाकिस्तान का दावा है कि, इस हमले में 130 अफगान लड़ाके मारे गए हैं। वहीं तालिबान ने हमले की बात स्वीकारी, लेकिन किसी के भी हताहत होने से इनकार किया। वहीं बीती रात अफगानिस्तान ने भी पाकिस्तान पर जवाबी कार्रवाई की। वहीं इस जंग के बीच अफगानिस्तान ने दावा किया है कि शनिवार को जलालाबाद शहर में एक पाकिस्तानी फाइटर जेट क्रैश हो गया है।
क्रैश हुआ पाकिस्तान का फाइटर जेट
अफगानिस्तान की सेना और पुलिस ने शनिवार (28 फरवरी 2026) को जानकारी दी कि जलालाबाद शहर में एक पाकिस्तानी लड़ाकू विमान क्रैश हो गया। अधिकारियों के अनुसार विमान के पायलट को ज़िंदा पकड़ लिया गया है। स्थानीय लोगों ने समाचार एजेंसी AFP को बताया कि विमान गिरने से पहले पायलट पैराशूट की मदद से बाहर कूद गया था, जिसके बाद सुरक्षा बलों ने उसे हिरासत में ले लिया।
पुलिस प्रवक्ता तैयब हम्माद ने बताया कि जलालाबाद शहर के छठे जिले में पाकिस्तानी फाइटर जेट को मार गिराया गया और उसके पायलट को सुरक्षित हालत में गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं, पूर्वी अफगानिस्तान में सेना के प्रवक्ता वहीदुल्लाह मोहम्मदी ने भी इस घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि अफगान सेना ने पाकिस्तानी जेट को निशाना बनाकर गिराया और पायलट को जिंदा पकड़ लिया गया है।
यह जानकारी उस समय सामने आई जब AFP के एक पत्रकार ने जलालाबाद शहर के ऊपर एक जेट विमान की आवाज सुनी। इसके कुछ ही देर बाद शहर के एयरपोर्ट की दिशा से दो जोरदार धमाकों की आवाज़ें सुनाई दीं। हालांकि, पाकिस्तान ने इस दावे को पूरी तरह खारिज कर दिया है। इस्लामाबाद में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ताहिर हुसैन अंद्राबी ने AFP से कहा कि यह खबर “पूरी तरह झूठी और बेबुनियाद” है।
इससे एक दिन पहले, शुक्रवार (27 फरवरी) को पाकिस्तान ने अफगानिस्तान की राजधानी काबुल और दक्षिणी शहर कंधार में हवाई हमले किए थे। कंधार को तालिबान के सर्वोच्च नेता हिबतुल्लाह अखुंदज़ादा का प्रमुख ठिकाना माना जाता है। बताया जा रहा है कि ये हवाई हमले गुरुवार (26 फरवरी) देर रात अफगान सेना द्वारा पाकिस्तान सीमा क्षेत्र में शुरू की गई सैन्य कार्रवाई के बाद किए गए। तालिबान सरकार का कहना है कि यह कार्रवाई अफ़गानिस्तान पर पहले हुए पाकिस्तानी हमलों के जवाब में की गई थी।