PM Modi Jordan Visit: भारत और जॉर्डन के संबंधों में गर्मजोशी को दर्शाते हुए अरब देश के क्राउन प्रिंस अल हुसैन बिन अब्दुल्ला द्वितीय मंगलवार (16 दिसंबर) को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को खुद कार चलाकर जॉर्डन म्यूजियम लेकर गए। जॉर्डन के क्राउन प्रिंस अल हुसैन बिन अब्दुल्ला II पैगंबर मोहम्मद के 42वीं पीढ़ी के सीधे वंशज हैं। प्रधानमंत्री मोदी जॉर्डन के किंग अब्दुल्ला द्वितीय के निमंत्रण पर दो दिवसीय यात्रा पर सोमवार को अरब देश की राजधानी अम्मान पहुंचे थे। जॉर्डन प्रधानमंत्री की चार दिवसीय यात्रा का पहला पड़ाव है। इस यात्रा के दौरान वह इथियोपिया और ओमान भी जाएंगे।
