PM Modi Israel Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार (26 फरवरी) को जेरूसलम स्थित 'याद वाशेम' स्मारक का दौरा किया और 'होलोकॉस्ट' के पीड़ितों को श्रद्धांजलि अर्पित की। पीएम मोदी इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के साथ याद वाशेम होलोकॉस्ट मेमोरियल म्यूजियम गए। इसे होलोकॉस्ट में मारे गए 60 लाख यहूदियों की याद में बनाया गया है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने X पर एक पोस्ट में कहा, "होलोकॉस्ट के पीड़ितों की स्मृति को नमन करते हुए और शांति तथा मानव गरिमा की रक्षा के हमारे साझा संकल्प को दोहराते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने विश्व होलोकॉस्ट स्मरण केंद्र याद वाशेम का दौरा किया।"
होलोकॉस्ट द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान नाजी जर्मनी द्वारा किया गया नरसंहार था। इसमें लगभग 60 लाख यहूदियों को मार डाला गया था। प्रधानमंत्री मोदी ने स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित किया और होलोकॉस्ट के पीड़ितों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने 'बुक ऑफ नेम्स हॉल' का भी दौरा किया, जहां होलोकॉस्ट में मारे गए लाखों लोगों की स्मृति को संरक्षित रखने का प्रयास किया गया है।
जायसवाल ने कहा, "यह स्मारक अतीत की क्रूरता की गंभीर याद दिलाता है। अन्याय के खिलाफ खड़े होने तथा बेहतर विश्व के निर्माण के हमारे सामूहिक संकल्प को दर्शाता है।" यह प्रधानमंत्री मोदी की याद वाशेम की दूसरी यात्रा है। इस स्मारक की स्थापना 1953 में इजरायली संसद (नेसेट) के एक अधिनियम के तहत की गई थी। इसे होलोकॉस्ट के स्मरण, दस्तावेजीकरण, शोध और शिक्षा की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
प्रधानमंत्री मोदी बुधवार को दो दिवसीय यात्रा पर इजरायल पहुंचे। पिछले 9 वर्षों में यह उनकी इजराइल की दूसरी यात्रा है। जुलाई 2017 में इस देश की उनकी पहली यात्रा के दौरान भारत-इजरायल संबंधों को रणनीतिक साझेदारी के स्तर पर ले जाया गया था।
इजरायली राष्ट्रपति के साथ की बाइलेटरल मीटिंग
पीएम मोदी और इजरायल के राष्ट्रपति आइजैक हर्जोग ने होलोकॉस्ट म्यूजियम में एक पौधारोपण किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इजरायल के राष्ट्रपति आइजैक हर्जोग के साथ बाइलेटरल मीटिंग भी की।
इस दौरान राष्ट्रपति हर्जोग ने कहा, "मैं आपके होशियार युवा भारतीय स्टूडेंट्स को इजरायल में पढ़ने के लिए आने के लिए प्रोत्साहित करता हूं। मैं इजरायली स्टूडेंट्स को भारत में पढ़ने के लिए प्रोत्साहित करता हूं। इजरायल और भारत के बीच यह कनेक्टिविटी पूरी जियोस्ट्रेटेजिक सिचुएशन को ग्लोबल साउथ के फायदे के लिए बदल सकती है। हम जानते हैं कि आप कई फील्ड्स में दुनिया को लीड करते हैं। हम बहुत भावुक और उत्साहित हैं कि आप यहां हमारे साथ हैं।"
इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "मुझे खुशी है कि मुझे आपसे पहले भी कई जगहों पर मिलने का मौका मिला है। आज मुझे आपसे मिलने का मौका मिला है। भारत के लोग आपका स्वागत करने के लिए उत्सुक हैं। इसलिए मैं आपको खास तौर पर भारत आने के लिए बुलाता हूं। मैं आपसे न सिर्फ दिल्ली आने का आग्रह करता हूं। बल्कि कुछ समय निकालने के लिए भी कहता हूं। ताकि भारत में दूसरी जगहों के लोगों को भी आपका स्वागत करने का मौका मिल सके।"