Get App

PM Modi Israel Visit: पीएम मोदी ने जेरूसलम में 'याद वशेम' स्मारक का किया दौरा, होलोकॉस्ट पीड़ितों को दी श्रद्धांजलि

PM Modi Israel Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इजरायल के पीएम बेंजामिन नेतन्याहू ने गुरुवार (26 फरवरी) को जेरूसलम में याद वाशेम 'द वर्ल्ड होलोकॉस्ट रिमेंबरेंस सेंटर' का दौरा किया। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने होलोकॉस्ट पीड़ितों को श्रद्धांजलि अर्पित की। पीएम मोदी ने इजरायली राष्ट्रपति आइजैक हर्जोग के साथ की बाइलेटरल मीटिंग भी की

Akhilesh Nath Tripathiअपडेटेड Feb 26, 2026 पर 4:21 PM
PM Modi Israel Visit: पीएम मोदी ने जेरूसलम में 'याद वशेम' स्मारक का किया दौरा, होलोकॉस्ट पीड़ितों को दी श्रद्धांजलि
PM Modi Israel Visit: प्रधानमंत्री मोदी ने याद वशेम स्मारक का दौरा किया और होलोकॉस्ट पीड़ितों को श्रद्धांजलि दी

PM Modi Israel Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार (26 फरवरी) को जेरूसलम स्थित 'याद वाशेम' स्मारक का दौरा किया और 'होलोकॉस्ट' के पीड़ितों को श्रद्धांजलि अर्पित की। पीएम मोदी इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के साथ याद वाशेम होलोकॉस्ट मेमोरियल म्यूजियम गए। इसे होलोकॉस्ट में मारे गए 60 लाख यहूदियों की याद में बनाया गया है।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने X पर एक पोस्ट में कहा, "होलोकॉस्ट के पीड़ितों की स्मृति को नमन करते हुए और शांति तथा मानव गरिमा की रक्षा के हमारे साझा संकल्प को दोहराते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने विश्व होलोकॉस्ट स्मरण केंद्र याद वाशेम का दौरा किया।"

होलोकॉस्ट द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान नाजी जर्मनी द्वारा किया गया नरसंहार था। इसमें लगभग 60 लाख यहूदियों को मार डाला गया था। प्रधानमंत्री मोदी ने स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित किया और होलोकॉस्ट के पीड़ितों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने 'बुक ऑफ नेम्स हॉल' का भी दौरा किया, जहां होलोकॉस्ट में मारे गए लाखों लोगों की स्मृति को संरक्षित रखने का प्रयास किया गया है।

जायसवाल ने कहा, "यह स्मारक अतीत की क्रूरता की गंभीर याद दिलाता है। अन्याय के खिलाफ खड़े होने तथा बेहतर विश्व के निर्माण के हमारे सामूहिक संकल्प को दर्शाता है।" यह प्रधानमंत्री मोदी की याद वाशेम की दूसरी यात्रा है। इस स्मारक की स्थापना 1953 में इजरायली संसद (नेसेट) के एक अधिनियम के तहत की गई थी। इसे होलोकॉस्ट के स्मरण, दस्तावेजीकरण, शोध और शिक्षा की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें