ईरान के बंदर अब्बास शहर में जोरदार धमाका, आठ मंजिला इमारत में तबाही...कई लोगों के घायल होने की आशंका

बुधवार को अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को एक नई चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि तेहरान को अपने परमाणु कार्यक्रम पर फिर से बातचीत शुरू करनी चाहिए, नहीं तो उसे अमेरिका की कड़ी सैन्य कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है। सोशल मीडिया पर किए गए एक पोस्ट में ट्रंप ने ईरान के नेताओं से बातचीत की मेज पर लौटने की अपील की

अपडेटेड Jan 31, 2026 पर 10:02 PM
Story continues below Advertisement
ईरान में शनिवार को बड़ा धमाका हुआ है।

ईरान में शनिवार को बड़ा धमाका हुआ है। यह धमाका खाड़ी तट पर ईरान के बंदर अब्बास शहर की एक बिल्डिंग में हुआ है। जानकारी के मुताबिक, शनिवार को ईरान के दक्षिणी बंदरगाह शहर बंदर अब्बास में एक रिहायशी इमारत में जोरदार धमाका हुआ। इस हादसे में काफी नुकसान हुआ है, लेकिन अभी तक धमाके की वजह सामने नहीं आ सकी है।

हुआ जोरदार धमाका 

ईरान के सरकारी टीवी चैनल के मुताबिक, यह धमाका मोअल्लम बुलेवार्ड पर बनी एक आठ मंज़िला इमारत में हुआ। धमाके से इमारत की दो मंज़िलें पूरी तरह गिर गईं। इसके अलावा आसपास खड़े वाहन और पास की दुकानों को भी नुकसान पहुंचा है। सरकारी मीडिया में दिखाए गए वीडियो में इमारत का बाहरी हिस्सा टूटा हुआ नजर आ रहा है। चारों तरफ मलबा फैला हुआ है और इमारत के अंदर के कुछ हिस्से भी साफ़ दिखाई दे रहे हैं।


धमाके की हो रही जांच

धमाके की सूचना मिलते ही दमकलकर्मियों और बचाव दल समेत सभी इमरजेंसी टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं और प्रभावित लोगों की मदद शुरू कर दी। ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी IRNA के अनुसार, होर्मोज़गान प्रांत के संकट प्रबंधन प्रमुख मेहरदाद हसनज़ादेह ने बताया कि धमाके की वजह की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि घायलों को इमरजेंसी सेवाओं की मदद से अस्पताल पहुंचाया जा रहा है। खबर लिखे जाने तक किसी की मौत की पुष्टि नहीं हुई थी। ईरान के कई अन्य मीडिया संस्थानों ने भी यही जानकारी दी है। सभी रिपोर्ट्स में कहा गया है कि अभी तक धमाके की असली वजह को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

अमेरिकी धमकी के बीच आई ये खबर

यह धमाका ऐसे समय पर हुआ है, जब इलाके में तनाव पहले से ही बढ़ा हुआ है। हाल ही में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सख्त बयानों के बाद अमेरिका ने इस क्षेत्र में अपना विमानवाहक पोत समूह तैनात किया है, जिससे हालात और ज्यादा तनावपूर्ण हो गए हैं।

बुधवार को अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को एक नई चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि तेहरान को अपने परमाणु कार्यक्रम पर फिर से बातचीत शुरू करनी चाहिए, नहीं तो उसे अमेरिका की कड़ी सैन्य कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है। सोशल मीडिया पर किए गए एक पोस्ट में ट्रंप ने ईरान के नेताओं से बातचीत की मेज पर लौटने की अपील की। उन्होंने कहा कि ऐसा समझौता होना चाहिए, जिससे ईरान हमेशा के लिए परमाणु हथियार बनाने से रुक जाए। ट्रंप ने यह भी साफ किया कि कूटनीति के लिए अब ज्यादा समय नहीं बचा है। ट्रंप ने अपनी पोस्ट में लिखा कि उन्हें उम्मीद है ईरान जल्द बातचीत शुरू करेगा और एक निष्पक्ष व संतुलित समझौता करेगा। उन्होंने ज़ोर देते हुए कहा कि समझौते में परमाणु हथियारों की कोई जगह नहीं होनी चाहिए और ऐसा समझौता होना चाहिए, जिससे सभी को फायदा हो। साथ ही उन्होंने कहा कि समय बहुत अहम है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।