Indian murdered in Canada: कनाडा के सरे शहर में मंगलवार (13 जनवरी) को एक पंजाबी बिजनेसमैन की उसके फार्म के पास गोली मारकर हत्या कर दी गई। पीड़ित की पहचान 48 साल के बिंदर गरचा के रूप में हुई है, जो एक स्थानीय बिजनेसमैन और स्टूडियो-12 के मालिक थे। स्थानीय पुलिस ने एक जली हुई गाड़ी बरामद की है। माना जा रहा है कि उसका संबंध इस गोलीबारी से है। पुलिस ने बताया कि अभी तक किसी संदिग्ध या मकसद की पुष्टि नहीं हुई है।
आरोप है कि यह हत्या ड्रग तस्करों के बीच चल रहे गैंग संघर्ष के दौरान हुई। कनाडा की इंटीग्रेटेड होमिसाइड इन्वेस्टिगेशन टीम ने हत्या और गैंगवार से इसके संबंध होने की पुष्टि की है। पुलिस ने बताया कि यह वारदात दोपहर करीब 12 बजे 176 स्ट्रीट और 35 एवेन्यू (32 एवेन्यू के उत्तर) स्थित केंसिंगटन प्रेयरी इलाके में हुई। यह मुख्य रूप से कृषि एरिया माना जाता है।
कनाडा पुलिस ने आधिकारिक तौर पर मृतक की पहचान सार्वजनिक नहीं की है। लेकिन सूत्रों के अनुसार मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया है कि मारे गए कारोबारी की पहचान स्टूडियो-12 के मालिक बिंदर गरचा के रूप में हुई है। हमलावरों ने उन्हें उनके फार्म के गेट के पास सरेआम निशाना बनाया।
सरे पुलिस सर्विस के अनुसार, दोपहर 12:05 बजे पुलिस को सड़क किनारे एक व्यक्ति के पड़े होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि कारोबारी को गोलियां लगी थीं। सरे फायर सर्विस और बीसी इमरजेंसी हेल्थ सर्विस ने इलाज की कोशिश की। लेकिन शख्स को घटनास्थल पर ही मृत घोषित कर दिया गया।
इससे पहले पिछले साल अक्टूबर में ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत में एक 68 साल के भारतीय मूल के बिजनेमैन की उसके घर के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। लुधियाना में जन्मे बिजनेसमैन दर्शन सिंह साहसी कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया के एबॉट्सफोर्ड शहर में पंजाबी समुदाय के एक जाने-माने व्यक्ति थे।
अब पंजाबी कारोबारी की हत्या के कुछ समय बाद पुलिस को 189 स्ट्रीट और 40 एवेन्यू के पास एक जली हुई कार मिली है। जांचकर्ताओं का मानना है कि इस वाहन का संबंध इस हत्या से हो सकता है। पूरे इलाके को सील कर फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए।
गरचा सरी में वीडियो ग्राफी-फोटोग्राफी, लिमोजिन सेवा और एम्प्रेस बैंक्वेट हॉल जैसे कई सफल कारोबार से जुड़े थे। वे मूल रूप से पंजाब के नवांशहर जिले के गांव मल्ला बेदियां से संबंध रखते थे। उनके परिवार में पत्नी, दो बेटियां, एक बेटा और माता-पिता हैं। फिलहाल कनाडा पुलिस मामले की जांच कर रही है।