Vladimir Putin: 'शांति से नहीं माने तो सैन्य ताकत से हासिल कर लेंगे अपने टारगेट', ट्रंप-जेलेंस्की की सीक्रेट मीटिंग से पहले पुतिन की चेतावनी

Russia-Ukraine Conflict: ट्रंप से मिलने जाने से पहले जेलेंस्की ने रूस द्वारा किए गए ताजा हमलों का हवाला देते हुए कहा, 'रूस के ये मिसाइल हमले हमारी शांति कोशिशों का जवाब है। यह साफ दिखाता है कि पुतिन शांति नहीं चाहते, जबकि हम चाहते हैं'

अपडेटेड Dec 28, 2025 पर 10:48 AM
पुतिन ने आरोप लगाया कि जेलेंस्की प्रशासन युद्ध खत्म करने की जल्दबाजी में नहीं है और वे केवल समय बिता रहे हैं

Vladimir Putin: रूस-यूक्रेन युद्ध अब एक ऐसे निर्णायक मोड़ पर पहुंच गया है जहां दुनिया की नजरें अमेरिका पर टिकी हैं। एक तरफ यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर जेलेंस्की रविवार को डोनाल्ड ट्रंप से मिलने फ्लोरिडा पहुंच रहे हैं, तो दूसरी तरफ रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने साफ कर दिया है कि अगर कीव शांति वार्ताओं को स्वीकार नहीं करता, तो रूस 'ताकत' के बल पर अपने लक्ष्यों को हासिल करेगा।

पुतिन ने कीव को दिया 'शांति या युद्ध' का अल्टीमेटम

रूसी समाचार एजेंसी TASS के अनुसार, पुतिन ने शनिवार को बेहद कड़े शब्दों में कहा कि, 'अगर कीव के अधिकारी मामले को शांतिपूर्ण ढंग से नहीं सुलझाना चाहते, तो हम सैन्य माध्यमों से अपने सभी कार्यों को पूरा करेंगे।' पुतिन ने आरोप लगाया कि जेलेंस्की प्रशासन युद्ध खत्म करने की जल्दबाजी में नहीं है और वे केवल समय बिता रहे हैं।


'पुतिन को शांति नहीं, विनाश चाहिए': जेलेंस्की

ट्रंप से मिलने जाने से पहले जेलेंस्की ने रूस द्वारा किए गए ताजा हमलों का हवाला देते हुए कहा, 'रूस के ये मिसाइल हमले हमारी शांति कोशिशों का जवाब है। यह साफ दिखाता है कि पुतिन शांति नहीं चाहते, जबकि हम चाहते हैं।' यूक्रेन के कीव में पिछले 10 घंटों से हो रही गोलाबारी में 2 लोगों की मौत हुई है और कड़ाके की ठंड के बीच 10 लाख से ज्यादा लोग बिना बिजली और हीटिंग के रहने को मजबूर हैं।

ट्रंप-जेलेंस्की मीटिंग, '20-पॉइंट प्लान' पर होगी बात

रविवार को फ्लोरिडा में होने वाली बैठक में जेलेंस्की एक 20-सूत्रीय शांति प्रस्ताव पेश करने वाले हैं। इस प्रस्ताव में युद्ध का फ्रीज होना यानी जंग को मौजूदा फ्रंट लाइन पर ही रोक देना। पूर्वी मोर्चे से यूक्रेनी सेना का पीछे हटना और एक 'विसैन्यीकृत बफर जोन' बनाना आदि मुख्य बातें ये हो सकती हैं। इसके साथ ही ट्रंप ने स्पष्ट कहा है, 'जब तक मैं मंजूरी नहीं देता, जेलेंस्की के पास कुछ नहीं है। देखते हैं वे क्या लेकर आते हैं।'

जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज ने कहा कि यूरोपीय नेताओं और कनाडा ने जेलेंस्की के प्रयासों को अपना 'पूर्ण समर्थन' दिया है। इसके साथ ही रूस के उप विदेश मंत्री सर्गेई रयाबकोव ने आरोप लगाया कि जेलेंस्की अमेरिका द्वारा तय किए जाने वाले किसी भी समझौते को 'तारपीडो' (नष्ट) करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कोई भी डील तभी होगी जब वह पुतिन और ट्रंप द्वारा तय की गई सीमाओं के भीतर होगी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।