सऊदी अरब के मशहूर 'स्लीपिंग प्रिंस' का निधन, 20 साल से कोमा में थे राजकुमार अलवलीद बिन खालिद

Sleeping Prince Passes Away: सऊदी प्रिंस अलवलीद बिन खालिद बिन तलाल अल सऊद 15 साल की उम्र से कोमा में थे। 36 साल की उम्र में उनका निधन हुआ है। प्रिंस अलवलीद सऊदी अरब के शाही परिवार के वरिष्ठ सदस्य प्रिंस खालिद बिन तलाल के बेटे और अरबपति प्रिंस अलवलीद बिन तलाल के भतीजे थे। वह एक दर्दनाक कार हादसे का शिकार होने के बाद करीब 20 साल से कोमा में थे

अपडेटेड Jul 20, 2025 पर 12:12 PM
Story continues below Advertisement
Sleeping Prince Passes Away: प्रिंस एक दर्दनाक कार हादसे का शिकार होने के बाद करीब 20 साल से कोमा में थे

Sleeping Prince Passes Away: 'स्लीपिंग प्रिंस' के नाम से दुनिया भर में मशहूर सऊदी अरब के 36 वर्षीय राजकुमार अलवलीद बिन खालिद बिन तलाल अल सऊद का लगभग दो दशकों तक कोमा में रहने के बाद शनिवार (19 जुलाई) को निधन हो गया। अलवलीद बिन खालिद बिन तलाल अल सऊद 15 साल की उम्र से कोमा में थे। 36 साल की उम्र में उनका निधन हुआ है। प्रिंस अलवलीद सऊदी अरब के शाही परिवार के वरिष्ठ सदस्य प्रिंस खालिद बिन तलाल के बेटे और अरबपति प्रिंस अलवलीद बिन तलाल के भतीजे थे। वह एक दर्दनाक कार हादसे का शिकार होने के बाद करीब 20 साल से कोमा में थे। इसी वजह से उन्हें 'स्लीपिंग प्रिंस' के नाम से जाना जाता था।

साल 2005 में अल वलीद जब 15 साल के थे, तब वह लंदन में मिलिट्री कैडेट के तौर पर पढ़ाई कर रहे थे। इस दौरान हुए एक भयावह कार हादसे में उनके सिर में गंभीर चोटें आई थी। इससे उन्हें ब्रेन हेमरेज हो गया और वह कोमा में चले गए। खलीज टाइम्स के मुताबिक, उन्हें रियाद के किंग अब्दुलअजीज मेडिकल सिटी ले जाया गया। वहीं पर उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया।

उनके परिवार ने उनकी स्थिति का आकलन करने और उन्हें होश में लाने के प्रयास के लिए दुनिया भर से डॉक्टरों को बुलाया। लेकिन उन्हें कभी होश नहीं आया। हालांकि उनके परिवार को कभी-कभी हल्की-फुल्की हलचल दिखाई देती थी जिससे उन्हें कई बार उम्मीद की किरण दिखाई दी। लेकिन 20 सालों तक उनकी स्थिति में कोई बदलाव नहीं आया। अब उनकी मौत भी कोमा में रहने के दौरान हुई है।


पिता ने नहीं छोड़ी उम्मीद

प्रिंस का इलाज करने आए दुनियाभर के दिग्गज डॉक्टर हार चुके थे। हालांकि उनके पिता का भरोसा इन 20 सालों में एक बार भी नहीं टूटा। इन 20 सालों के दौरान कभी-कभार उनके मूवमेंट से उम्मीद की किरण जगती रही। उनके पिता प्रिंस खालिद बिन तलाल ने लाइफ सपोर्ट सिस्टम यानी वेंटिलेटर हटाने के सुझावों को खारिज कर दिया था। वह भगवान पर अपने विश्वास के चलते लगातार अपने बेटे का इलाज कराते रहे। प्रिंस के पिता ने कभी भी उम्मीद नहीं छोड़ी कि उनका बेटा एक दिन पूरी तरह ठीक हो जाएगा।

ये भी पढ़ें- VIDEO: टेकऑफ करते ही डेल्टा एयरलाइंस के विमान में लगी भीषण आग! 282 यात्री थे सवार, प्लेन की इमरजेंसी लैंडिंग

अल वलीद के इलाज के दौरान कई बार उम्मीद जगी और फिर टूट गई। लेकिन पिता के दिल में जो उम्मीद थी, उसे कोई मेडिकल साइंस नहीं हरा पाई। आखिरी सांस तक प्रिंस के पिता ने न तो अपने बेटे का वेंटिलेटर हटाने दिया और न ही उनकी देखभाल में किसी तरह की कोई कसर छोड़ी। आखिरकार प्रिंस ने वेंटिलेटर पर भी दम तोड़ दिया। प्रिंस खालिद बिन तलाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म x पर एक पोस्ट के जरिये अपने बेटे के निधन की पुष्टि की। उन्होंने एक भावुक मैसेज में लिखा, "अल्लाह की मर्ज़ी और तकदीर में विश्वास रखते हुए गहरे दुख के साथ हम अपने बेटे के निधन की सूचना दे रहे हैं।"

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।