Russian University Stabbing: रूस के बश्कोर्तोस्तान गणराज्य की एक यूनिवर्सिटी में एक युवक ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर कई लोगों को घायल कर दिया। इस हिंसक घटना में उफा स्थित 'स्टेट मेडिकल यूनिवर्सिटी' के विदेशी छात्रावास में रहने वाले चार भारतीय छात्र और दो पुलिस अधिकारी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। रूसी आंतरिक मंत्रालय के अनुसार, हमलावर ने हॉस्टल परिसर में घुसकर छात्रों पर हमला करना शुरू कर दिया, जिससे वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया। चश्मदीदों के मुताबिक हॉस्टल परिसर में चारों तरफ खून बिखरा हुआ था और घायलों को तुरंत एम्बुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस पर भी बोला हमला फिर खुद को किया घायल
मंत्रालय की प्रवक्ता मेजर जनरल इरीना वोल्क ने स्थानीय मीडिया को बताया कि जब पुलिस ने हमलावर को गिरफ्तार करने की कोशिश की, तो उसने कड़ा विरोध किया और दो पुलिस अधिकारियों को भी चाकू मार दिया। गिरफ्तारी के दौरान 15 वर्षीय हमलावर ने खुद को भी गंभीर रूप से घायल कर लिया, जिसके बाद उसे गंभीर हालत में बच्चों के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। स्थानीय टेलीग्राम चैनलों की रिपोर्टों के अनुसार, कुछ प्रत्यक्षदर्शियों का मानना है कि हमलावर दो थे, हालांकि आधिकारिक तौर पर अभी एक युवक की पहचान की गई है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है।
तुरंत हरकत में आया भारतीय दूतावास, घायलों के लिए भेजी मदद
रूस में स्थित भारतीय दूतावास ने इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना की पुष्टि की है और बताया कि वे रूसी अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में हैं। कजान स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास के अधिकारी तुरंत उफा के लिए रवाना हो गए हैं ताकि घायल छात्रों को हर संभव सहायता और चिकित्सा सुविधा प्रदान की जा सके। गौरतलब है कि बड़ी संख्या में भारतीय छात्र मेडिकल की पढ़ाई के लिए रूस जाते हैं। दूतावास ने परिजनों को आश्वासन दिया है कि छात्रों की स्थिति पर करीब से नजर रखी जा रही है और उन्हें कानूनी व चिकित्सीय मदद सुनिश्चित की जाएगी।