Tanzania Bus Accident: तंजानिया में एक भीषण सड़क हादसे में कम से कम 40 लोगों की मौत हो गई। जबकि दर्जनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। तंजानिया में दो यात्री बसों के बीच हुई एक भीषण टक्कर में कम से कम 40 लोगों की जान चली गई और 30 से ज्यादा लोग घायल हो गए। यह भयानक सड़क दुर्घटना शनिवार रात को किलिमंजारो क्षेत्र में मोशी-तांगा रोड के किनारे सबसाबा इलाके में हुई। अधिकारियों ने बताया कि जलती हुई बसों में यात्री फंस गए थे। वहां अफरा-तफरी का माहौल था। खबर मिलते ही आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे। लोगों ने जलते हुए मलबे से कई यात्रियों को बचाया।
बताया जा रहा है कि टायर पंक्चर होने से यात्री बस बेकाबू हो गई। फिर बस एक दूसरी मिनी बस से जा टकराई। टक्कर के बाद दोनों बसों में आग लग गई, जिसमें कम से कम 40 लोग मौके पर ही मारे गए। अधिकारियों ने बताया कि गंभीर रूप से जलने की वजह से कई पीड़ितों की पहचान नहीं हो पाई है। अधिकारी ने बताया कि घायलों में से कई को गंभीर चोटें आई हैं। उन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में ले जाया गया है। माना जा रहा है कि ज्यादातर पीड़ित तंजानिया के नागरिक हैं।
तंजानिया के राष्ट्रपति कार्यालय ने एक बयान में बताया, "40 में से 36 शव पूरी तरह जल गए हैं। इस वजह से उनकी पहचान नहीं हो पा रही है। जबकि घायलों में 6 की हालत काफी गंभीर बताई जा रही है।" स्थानीय मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, टक्कर के समय बसों में से एक बस यात्रियों को लेकर एक शादी समारोह में जा रही थी। फिलहाल, दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
पीड़ितों की नागरिकता का तुरंत पता नहीं चल पाया है। राष्ट्रपति कार्यालय ने कहा कि कुल 28 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से छह अभी भी इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती हैं। राष्ट्रपति सामिया सुलुहू हसन ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के जल्द ठीक होने की कामना की।
उन्होंने सड़क सुरक्षा के सख्त पालन की भी अपील की। बता दें कि तंजानिया की सड़कों पर अक्सर घातक वाहन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। एक अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक रिपोर्टों से पता चलता है कि एक बस के टायर पंचर होने के बाद चालक ने नियंत्रण खो दिया होगा, जिसके बाद दोनों के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई। दुर्घटना स्थल से परेशान करने वाली तस्वीरें सामने आई है। दोनों बसों के जले हुए अवशेष, टूटी हुई खिड़कियां और झुलसे हुए धातु के फ्रेम दिख रही हैं।