Thailand Train Accident: थाईलैंड में हुआ भीषण रेल हादसा, ट्रेन पर गिरी विशालकाय क्रेन; 22 की मौत

Thailand Train Accident: एक हाई-स्पीड रेल प्रोजेक्ट पर काम कर रही विशालकाय क्रेन अचानक अनियंत्रित होकर बगल से गुजर रही ट्रेन पर गिर गई। क्रेन की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रेन के कई डिब्बे पटरी से उतर गए। टक्कर के बाद ट्रेन के मलबे में आग भी लग गई, जिससे स्थिति और अधिक गंभीर हो गई

अपडेटेड Jan 14, 2026 पर 10:29 AM
Story continues below Advertisement
क्रेन की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रेन के कई डिब्बे पटरी से उतर गए

Thailand Train Accident: थाईलैंड के नखोन रत्चासिमा प्रांत में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें एक निर्माणधीन क्रेन के गिरने से एक यात्री ट्रेन पटरी से उतर गई। पुलिस और अंतरराष्ट्रीय समाचार एजेंसी AFP के अनुसार, इस भयावह दुर्घटना में अब तक कम से कम 22 लोगों की मौत हो चुकी है और कई अन्य घायल हैं। यह दुर्घटना थाईलैंड के सिखियो जिले जो बैंकॉक से लगभग 230 किमी दूर है वहां हुई।

जानकारी के मुताबिक, एक हाई-स्पीड रेल प्रोजेक्ट पर काम कर रही विशालकाय क्रेन अचानक अनियंत्रित होकर बगल से गुजर रही ट्रेन पर गिर गई। क्रेन की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रेन के कई डिब्बे पटरी से उतर गए। टक्कर के बाद ट्रेन के मलबे में आग भी लग गई, जिससे स्थिति और अधिक गंभीर हो गई।

22 यात्रियों की मौत, कई अब भी मलबे में फंसे


थाई सरकार के जनसंपर्क विभाग के अनुसार, यह हादसा सुबह 9:05 बजे हुआ, जिसके कारण ट्रेन पटरी से उतर गई और उसमें आग लग गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रेन के कई डिब्बे बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए, जिसमें कई यात्री अंदर ही फंस गए। हालांकि राहतकर्मियों ने आग पर काबू पा लिया है, लेकिन मलबे में दबे लोगों को निकालने के लिए बड़े स्तर पर बचाव अभियान चलाया जा रहा है।

हादसे में हताहतों की संख्या को लेकर अलग-अलग खबरें आ रही हैं, लेकिन नखोन रत्चासिमा प्रांत के पुलिस प्रमुख थत्चापोन चिन्नावांग ने AFP को पुष्टि की है कि इस घटना में अब तक कम से कम 22 लोगों की जान जा चुकी है। इसके अलावा, 30 से अधिक यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं, जिन्हें उपचार के लिए नजदीकी अस्पतालों में भेजा गया है। सरकारी अधिकारियों ने मौके पर कई बचाव दलों को तैनात किया है और प्राथमिक जांच में निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी को इस हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।