The Discombobulator: ट्रंप का वह रहस्यमयी हथियार जिसने बिना खून बहाए वेनेजुएला को घुटनों पर ला दिया, जानिए क्या है 'द डिस्कोम्बोबुलेटर'?

US Secret Weapon: मादुरो के सुरक्षाकर्मियों ने बताया कि उन्हें अचानक एक 'तीव्र ध्वनि तरंग' महसूस हुई, जिससे उनके सिर में असहनीय दर्द हुआ, नाक से खून आने लगा और वे हिलने-डुलने में भी असमर्थ हो गए। इसे 'हवाना सिंड्रोम' जैसे लक्षणों से जोड़कर देखा जा रहा है

अपडेटेड Jan 26, 2026 पर 4:01 PM
Story continues below Advertisement
ट्रंप के दावों और चश्मदीदों की रिपोर्टों के अनुसार, यह कोई पारंपरिक बम नहीं, बल्कि एक 'पल्स्ड एनर्जी वेपन' है

The Discombobulator: राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हाल ही में वेनेजुएला के पूर्व राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की गिरफ्तारी को लेकर एक चौंकाने वाला खुलासा किया है। ट्रंप के अनुसार, अमेरिकी सेना ने इस ऑपरेशन में एक ऐसे 'सीक्रेट हथियार' का इस्तेमाल किया, जिसका नाम है 'द डिस्कोम्बोबुलेटर'। ट्रंप ने न्यूयॉर्क टाइम्स को दिए इंटरव्यू में मुस्कुराते हुए कहा, 'मुझे इसके बारे में बात करने की इजाजत नहीं है, लेकिन इसने मादुरो की पूरी सैन्य ताकत को कबाड़ बना दिया।'

क्या है 'डिस्कोम्बोबुलेटर' और इसने कैसे काम किया?

ट्रंप के दावों और चश्मदीदों की रिपोर्टों के अनुसार, यह कोई पारंपरिक बम नहीं, बल्कि एक 'पल्स्ड एनर्जी वेपन' (Pulsed Energy Weapon) है। ट्रंप ने बताया कि वेनेजुएला के पास रूसी और चीनी रॉकेट थे। जब अमेरिकी हेलीकॉप्टर कराकस में घुसे, तो मादुरो के सैनिकों ने बटन दबाए, लेकिन कुछ भी काम नहीं किया। हथियार ने उनके पूरे इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम को जाम कर दिया था। इस हथियार ने कराकस की बिजली काट दी और रडार सिस्टम को पूरी तरह अंधा कर दिया।


मादुरो के सुरक्षाकर्मियों ने बताया कि उन्हें अचानक एक 'तीव्र ध्वनि तरंग' (Sound Wave) महसूस हुई, जिससे उनके सिर में असहनीय दर्द हुआ, नाक से खून आने लगा और वे हिलने-डुलने में भी असमर्थ हो गए। इसे 'हवाना सिंड्रोम' जैसे लक्षणों से जोड़कर देखा जा रहा है।

ड्रग कार्टेल्स को ट्रंप की सीधी चेतावनी

मादुरो की कामयाबी के बाद ट्रंप का अगला निशाना अब ड्रग कार्टेल्स हैं। उन्होंने साफ कर दिया है कि अमेरिका की सैन्य स्ट्राइक अब केवल समुद्र तक सीमित नहीं रहेगी। ट्रंप ने कहा, 'हमें उनके रूट पता हैं, उनके घर पता हैं। हम कार्टेल्स को उनकी मांद में घुसकर मारेंगे।' उन्होंने संकेत दिया कि यदि जरूरत पड़ी तो अमेरिकी सेना मैक्सिको की धरती पर भी ऑपरेशन कर सकती है। शुक्रवार को पूर्वी प्रशांत महासागर में एक संदिग्ध ड्रग बोट पर हवाई हमला इसी नई आक्रामक नीति का हिस्सा माना जा रहा है।

ऑपरेशन 'एब्सोल्यूट रिजॉल्व' से बिना खून बहाए किया मादुरो का तख्तापलट

3 जनवरी, 2026 की तारीख को अमेरिकी सेना ने 'ऑपरेशन एब्सोल्यूट रिजॉल्व' के तहत वेनेजुएला में धावा बोल निकोलस मादुरो को उनके गढ़ से गिरफ्तार किया। इस मिशन की सबसे बड़ी विशेषता 'डिस्कोम्बोबुलेटर' नामक रहस्यमयी सोनिक/एनर्जी हथियार का इस्तेमाल रहा, जिसने दुश्मन के रडार, बिजली और रॉकेट प्रणालियों को पूरी तरह निष्क्रिय कर दिया, जिससे अमेरिकी सेना को शून्य नुकसान हुआ। इस सटीक सर्जिकल स्ट्राइक के परिणामस्वरूप मादुरो और उनकी पत्नी सीलिया फ्लोर्स को सफलतापूर्वक हिरासत में लिया गया, जो वर्तमान में न्यूयॉर्क की उच्च-सुरक्षा वाली जेल में अपने मुकदमों का सामना कर रहे हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।