अमेरिकी सेना ने सोमवार को बताया कि ईरान के हमलों के दौरान कुवैत ने 'गलती से' अमेरिकी वायुसेना के तीन F-15 स्ट्राइक ईगल विमानों को मार गिराया। अमेरिकी सेना ने पुष्टि की है कि आज सुबह कुवैत के ऊपर अमेरिका के तीन F-15 लड़ाकू विमान क्रैश हो गए। जिसे कुवैती एयरफोर्स ने मार गिराए है। अमेरिका का कहना है यह हादसा ‘फ्रेंडली फायर’ के चलते हुआ है यानी अपने ही सहयोगी की गलती से हमारे तीन लड़ाकू विमान हादसे का शिकार हो गए। इससे पहले ईरान ने दावा किया था कि उसने ड्रोन के जरिए इन विमानों को मार गिराया है।
अमेरिका ने दी ये बड़ी जानकारी
पेंटागन का कहना है कि हवा में तीनों अमेरिकी जेट ईरानी बैलिस्टिक मिसाइल और ड्रोन का मुकाबला कर रहे थे। इसी दौरान गलती से कुवैत एयर डिफेंस ने उन पर हमला कर दिया, जिसके बाद तीनों ही जेट ध्वस्त हो गए। सेंटकॉम का कहना है कि कुवैत के अधिकारियों ने इस बात को स्वीकार भी कर लिया है।
अमेरिका के रक्षा मुख्यालय पेंटागन ने सोमवार को बताया कि ईरान के खिलाफ चल रहे सैन्य अभियान के दौरान एक बड़ी गलती हो गई। ऑपरेशन में शामिल अमेरिका के तीन फाइटर जेट को कुवैत की एयर डिफेंस सिस्टम ने गलती से मार गिराया। अधिकारियों ने इसे साफ तौर पर ‘फ्रेंडली फायर’ यानी अपने ही सहयोगी की ओर से हुई कार्रवाई बताया है। अमेरिकी सेंट्रल कमांड, ने जानकारी दी कि गिराए गए तीनों F-15 स्ट्राइक ईगल लड़ाकू विमानों के सभी छह क्रू मेंबर सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे। उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। यह घटना अमेरिका और इज़राइल के ईरान के खिलाफ चल रहे ऑपरेशन के तीसरे दिन सामने आई, जिसके चलते पूरे मिडिल ईस्ट में तनाव और लड़ाई बढ़ गई है।
तीन फाइटर जेट हुए थे क्रैश
सेंट्रल कमांड की यह पुष्टि उस वीडियो के सामने आने के कुछ घंटों बाद हुई, जिसमें एक F-15 फाइटर जेट आसमान से गिरता हुआ दिखाई दे रहा था। वीडियो में पायलट को समय रहते विमान से बाहर निकलते भी देखा गया, जिसके बाद जेट तेजी से नीचे गिर गया। बाद में अमेरिकी अधिकारियों ने भी साफ किया कि यह हादसा फ्रेंडली फायर की वजह से हुआ था।
हालांकि अमेरिकी सेना ने यह साफ नहीं किया कि किस एयर डिफेंस सिस्टम ने फाइटर जेट को निशाना बनाया, लेकिन माना जा रहा है कि यह MIM-104 पैट्रियट एयर डिफेंस सिस्टम हो सकता है। इस सिस्टम का इस्तेमाल अमेरिका और उसके सहयोगी देश, जैसे कुवैत, करते हैं। पैट्रियट जैसे आधुनिक एयर डिफेंस सिस्टम मिसाइल दागने से पहले उन्नत रडार और सुरक्षित कम्युनिकेशन तकनीक के जरिए यह पहचान करने की कोशिश करते हैं कि सामने आने वाला विमान दोस्त का है या दुश्मन का। इसके बावजूद, युद्ध जैसी तनावपूर्ण परिस्थितियों में कभी-कभी पहचान में गलती हो जाती है, जिसे ‘फ्रेंडली फायर’ कहा जाता है। ऐसी घटनाएं भले ही चिंताजनक और शर्मनाक मानी जाती हैं, लेकिन बेहद तनावपूर्ण सैन्य हालात में पूरी तरह असामान्य नहीं होतीं।