US Secret Sonic Weapon: वेनेजुएला रेड में हुआ था 'सीक्रेट सोनिक वेपन' का इस्तेमाल, ट्रंप का दावा- 'ऐसा हथियार जो किसी और के पास नहीं'; रूस में मची खलबली

US Secret Sonic Weapon: इस हथियार के इस्तेमाल की अफवाहें तब सच साबित होने लगीं जब व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने एक चश्मदीद का बयान पढ़ा। रेड के दौरान मौजूद मादुरो के गार्ड्स ने जो बताया वह रोंगटे खड़े कर देने वाला है

अपडेटेड Jan 22, 2026 पर 12:51 PM
Story continues below Advertisement
ट्रंप ने कहा- 'यह कुछ ऐसा है जिसके बारे में मैं बात नहीं करना चाहता... यह किसी और के पास नहीं है'

Sonic Weapon: पिछले दिनों अमेरिका ने वेनेजुएला में स्ट्राइक करके राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को अपने कब्जे में ले लिया था। अब इस मामले में राष्ट्रपति ट्रंप ने एक चौंकाने वाला खुलासा किया है। ट्रंप ने ये दावा किया है कि 3 जनवरी को किए गए उस सैन्य ऑपरेशन में अमेरिका ने एक बेहद रहस्यमयी 'सोनिक वेपन' का इस्तेमाल किया था। सबसे दिलचस्प बात तो ये है कि, ट्रंप ने गर्व के साथ कहा कि अमेरिका के पास ऐसे हथियार हैं जिनके बारे में दुनिया को पता तक नहीं है।

'किसी को कानो-कान खबर नहीं': ट्रंप 

'केटी पावलिच टुनाइट' में इंटरव्यू के दौरान जब ट्रंप से इस सीक्रेट हथियार के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने अपनी भौहें सिकोड़ते हुए कहा, 'यह कुछ ऐसा है जिसके बारे में मैं बात नहीं करना चाहता... यह किसी और के पास नहीं है। हमारे पास ऐसे हथियार हैं जिन्हें कोई नहीं जानता। उनके बारे में चुप रहना ही बेहतर है, लेकिन वे कमाल के हैं।' इसके साथ ही जब पूछा गया कि क्या अमेरिकियों को इस हथियार की ताकत से डरना चाहिए, तो ट्रंप ने संक्षिप्त में कहा— 'हां।'


वेनेजुएला रेड की खौफनाक चश्मदीद गवाह

इस हथियार के इस्तेमाल की अफवाहें तब सच साबित होने लगीं जब व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने एक चश्मदीद का बयान पढ़ा। रेड के दौरान मौजूद मादुरो के गार्ड्स ने जो बताया वह रोंगटे खड़े कर देने वाला है। उनके बयान के मुताबिक, 'रेड के दौरान अचानक उन्होंने कुछ लॉन्च किया, समझ नहीं आया वह क्या था। वह एक बहुत ही तीव्र ध्वनि तरंग की तरह था। ऐसा लगा जैसे मेरा सिर अंदर से फट रहा है।' चश्मदीद ने दावा किया कि गार्ड्स की नाक से खून बहने लगा और कई लोग खून की उल्टियां करने लगे। वे जमीन पर गिर पड़े और हिलने तक की स्थिति में नहीं रहे।

100 मौतें और मादुरो की गिरफ्तारी

वेनेजुएला के आंतरिक मंत्री के अनुसार, मादुरो के परिसर पर हुए इस हमले में कम से कम 100 लोगों की मौत हुई है। हालांकि, यह अभी स्पष्ट नहीं है कि इनमें से कितनी मौतें सीधे तौर पर उस सोनिक वेपन के कारण हुईं। अमेरिका ने मादुरो पर नशीली दवाओं की तस्करी का आरोप लगाकर उन्हें गिरफ्तार किया है, जिसे वेनेजुएला ने सिरे से खारिज कर दिया है।

रूस में मची खलबली, पुतिन ने दिए जांच के आदेश

ट्रंप के इस बयान ने वैश्विक महाशक्तियों की नींद उड़ा दी है। रूसी प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने कहा है कि अमेरिका को इस डिवाइस की जानकारी सार्वजनिक करनी चाहिए। रूस ने अपनी विशेष सेवाओं को निर्देश दिया है कि वे ट्रंप के दावों और इस 'रहस्यमयी हथियार' की तकनीक के बारे में हर संभव जानकारी जुटाएं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।