Donald Trump: ट्रंप ने मादुरो सरकार को घोषित किया आतंकी संगठन; आसमान से लेकर समंदर तक वेनेजुएला की पूर्ण नाकेबंदी का दिया आदेश

Donald Trump On Nicolás Maduro: ट्रंप ने लिखा, 'वेनेजुएला को दक्षिण अमेरिका के इतिहास के सबसे बड़े नौसैनिक बेड़े ने घेर लिया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यह घेराबंदी तब तक जारी रहेगी और बढ़ती रहेगी जब तक मादुरो सरकार अमेरिका से 'चुराया गया' तेल, जमीन और अन्य संपत्तियां वापस नहीं कर देती'

अपडेटेड Dec 17, 2025 पर 1:47 PM
Story continues below Advertisement
ट्रंप ने वेनेजुएला से आने-जाने वाले सभी तेल टैंकरों की 'पूर्ण नाकेबंदी' का भी आदेश दिया है

Donald Trump On Venezuela: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने वेनेजुएला की निकोलस मादुरो सरकार को लेकर एक बड़ा ऐलान किया है। ट्रंप ने मादुरो के शासन को 'विदेशी आतंकवादी संगठन' घोषित कर दिया है। इसके साथ ही उन्होंने वेनेजुएला से आने-जाने वाले सभी तेल टैंकरों की 'पूर्ण नाकेबंदी' का आदेश दिया है। ट्रंप के इस फैसले से दक्षिण अमेरिका में तनाव चरम पर पहुंच गया है।

ट्रंप की मादुरो को खुली चेतावनी

ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' पर इस सैन्य और आर्थिक घेराबंदी की जानकारी दी। उन्होंने सख्त लहजे में लिखा, 'वेनेजुएला को दक्षिण अमेरिका के इतिहास के सबसे बड़े नौसैनिक बेड़े ने घेर लिया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यह घेराबंदी तब तक जारी रहेगी और बढ़ती रहेगी जब तक मादुरो सरकार अमेरिका से 'चुराया गया' तेल, जमीन और अन्य संपत्तियां वापस नहीं कर देती। ट्रंप ने मादुरो शासन पर ड्रग तस्करी, मानव तस्करी और हत्याओं के जरिए पैसा जुटाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मादुरो इन्हीं चोरी के तेल क्षेत्रों से 'ड्रग टेररिज्म' को फाइनेंस कर रहे हैं।


वेनेजुएला के तेल टैंकरों पर किया कब्जा

वैसे ट्रंप केवल जुबानी जंग नहीं कर रहे है, बल्कि जमीन पर कार्रवाई शुरू हो चुकी है।पिछले सप्ताह अमेरिकी सेना ने वेनेजुएला के तट के पास एक बड़ा तेल टैंकर जब्त किया था। अमेरिका का दावा है कि इसमें वेनेजुएला और ईरान का प्रतिबंधित तेल ले जाया जा रहा था। ट्रंप ने स्पष्ट कर दिया है कि अमेरिका इस तेल को अपने पास ही रखेगा। पिछले कुछ हफ्तों में ट्रंप प्रशासन ने न केवल वेनेजुएला के व्यवसायों पर, बल्कि सीधे मादुरो के परिवार के सदस्यों पर भी कड़े प्रतिबंध लगाए हैं।

आसमान से समंदर तक अमेरिकी घेरेबंदी में है वेनेजुएला

पेंटागन ने वेनेजुएला को डराने और दबाव बनाने के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। कैरेबियन सागर में दुनिया का सबसे बड़ा एयरक्राफ्ट कैरियर USS Gerald R. Ford तैनात किया गया है। अक्टूबर में दो घातक B-1 लांसर बॉम्बर्स ने वेनेजुएला के तट के पास उड़ान भरी थी, जिसे एक सीधे सैन्य संदेश के रूप में देखा जा रहा है। व्हाइट हाउस की चीफ ऑफ स्टाफ सूजी विल्स ने एक इंटरव्यू में बेहद चौंकाने वाला बयान दिया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति की नीति 'तब तक घेरेबंदी की है जब तक मादुरो घुटने न टेक दें'।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।