US Travel Ban: अमेरिका में एंट्री हुई और सख्त, ट्रंप प्रशासन ने बढ़ाया ट्रैवल बैन का दायरा; इन देश के नागरिकों के USA जाने पर लगा प्रतिबंध

US Travel Ban: व्हाइट हाउस के बयान में कहा गया है कि ये प्रतिबंध 'उन विदेशी नागरिकों के प्रवेश को रोकने के लिए आवश्यक हैं जिनके बारे में अमेरिका के पास उनके द्वारा उत्पन्न जोखिमों का आकलन करने के लिए पर्याप्त जानकारी नहीं है, और हमारे इमिग्रेशन कानूनों को लागू करने तथा आतंकवाद-रोधी उद्देश्यों को आगे बढ़ाने के लिए भी जरूरी हैं'

अपडेटेड Dec 17, 2025 पर 9:08 AM
Story continues below Advertisement
पूर्ण प्रतिबंध के अलावा, 15 अन्य देशों को आंशिक यात्रा प्रतिबंधों के तहत रखा गया है

US Travel Ban: ट्रंप प्रशासन ने संयुक्त राज्य अमेरिका के ट्रैवल बैन का दायरा बढ़ाते हुए मंगलवार को एक बड़ा ऐलान किया है। इस कदम के तहत, पांच नए देशों के नागरिकों पर अमेरिका में प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है, और कई अन्य देशों के लिए यात्रा तथा इमिग्रेशन नियमों को कड़ा कर दिया गया है। ट्रंप का यह फैसला अमेरिका में प्रवेश आवश्यकताओं को कड़ा करने के व्यापक प्रयास का हिस्सा है। आइए आपको बताते हैं किन देशों के नागरिकों की अमेरिका में एंट्री पर लगा बैन।

व्हाइट हाउस के बयान में कहा गया है कि ये प्रतिबंध 'उन विदेशी नागरिकों के प्रवेश को रोकने के लिए आवश्यक हैं जिनके बारे में अमेरिका के पास उनके द्वारा उत्पन्न जोखिमों का आकलन करने के लिए पर्याप्त जानकारी नहीं है, और हमारे इमिग्रेशन कानूनों को लागू करने तथा आतंकवाद-रोधी उद्देश्यों को आगे बढ़ाने के लिए भी जरूरी हैं।'

पूर्ण प्रतिबंध सूची में 5 नए देश शामिल


नए आदेश में ट्रंप प्रशासन ने बुर्किना फासो, माली, नाइजर, दक्षिण सूडान और सीरिया के नागरिकों पर पूर्ण यात्रा प्रतिबंध लगा दिया है। इसके अलावा फिलिस्तीनी प्राधिकरण द्वारा जारी यात्रा दस्तावेज रखने वाले व्यक्तियों पर भी पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है। यह घोषणा थैंक्सगिविंग वीकेंड पर दो नेशनल गार्ड सैनिकों को गोली मारने के संदिग्ध एक अफगान नागरिक की गिरफ्तारी के बाद आई है। यात्रा प्रतिबंध का यह विस्तार राष्ट्रपति ट्रंप के पहले कार्यकाल की प्रमुख नीतियों में से एक को फिर से दिखाता है।

आंशिक प्रतिबंध वाले 15 अन्य देश

पूर्ण प्रतिबंध के अलावा, 15 अन्य देशों को आंशिक यात्रा प्रतिबंधों के तहत रखा गया है, जिसका अर्थ है कि उनके नागरिकों को अमेरिका में प्रवेश के लिए अतिरिक्त मुश्किलों का सामना करना पड़ेगा। आंशिक प्रतिबंध सूची: अंगोला, एंटीगुआ और बारबुडा, बेनिन, कोटे डी आइवर, डोमिनिका, गैबॉन, गैम्बिया, मलावी, मॉरिटानिया, नाइजीरिया, सेनेगल, तंजानिया, टोंगा, जाम्बिया और जिम्बाब्वे।

क्यों लगाए गए है प्रतिबंध?

प्रशासन ने नए प्रतिबंधों की घोषणा करते हुए एक बयान में कड़े नियमों को लागू करने के पीछे की वजहें स्पष्ट कीं। प्रशासन के अनुसार, प्रभावित देशों में से कई 'व्यापक भ्रष्टाचार, धोखाधड़ी वाले या अविश्वसनीय नागरिक दस्तावेज़ और आपराधिक रिकॉर्ड' से जूझ रहे हैं, जिससे अमेरिकी अधिकारियों के लिए यात्रियों की ठीक से जांच करना मुश्किल हो जाता है। साथ ही कुछ देशों में वीजा ओवरस्टे दरें अधिक हैं, वे निर्वासित नागरिकों की वापसी स्वीकार करने से इनकार करते हैं, या वहां 'अस्थिरता और सरकारी नियंत्रण की कमी' है।

पुराने प्रतिबंध सूची में कौन-कौन देश है शामिल?

जून में लगाए गए शुरुआती प्रतिबंधों में अफगानिस्तान, म्यांमार, चाड, कांगो गणराज्य, इक्वेटोरियल गिनी, इरिट्रिया, हैती, ईरान, लीबिया, सोमालिया, सूडान और यमन के नागरिक शामिल थे। बुरुंडी, क्यूबा, लाओस, सिएरा लियोन, टोगो, तुर्कमेनिस्तान और वेनेजुएला के यात्रियों पर पहले ही कड़े नियम लगाए जा चुके थे।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।