ट्रंप ने कहा जेलेंस्की चाहें तो तुरंत खत्म हो सकता है युद्ध, यूक्रेन के नाटो में शामिल होने पर दिया बड़ा बयान

Donald Trump: ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा, 'यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की अगर चाहें तो रूस के साथ युद्ध को तुरंत समाप्त कर सकते हैं, या वह लड़ना जारी रख सकते हैं। हालांकि, क्रीमिया को वापस नहीं लिया जाएगा और यूक्रेन नाटो में शामिल...

अपडेटेड Aug 18, 2025 पर 11:13 AM
Story continues below Advertisement
जेलेंस्की ने सोशल मीडिया पर अमेरिकी प्रस्ताव को 'ऐतिहासिक' बताया

Russia-Ukraine War: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूस-यूक्रेन युद्ध पर एक बड़ा बयान दिया है। ट्रंप ने सोमवार को एक बड़ा बयान देते हुए कहा कि यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की अगर चाहें तो रूस के साथ युद्ध को 'तुरंत' समाप्त कर सकते हैं। हालांकि, उन्होंने ये साफ कर दिया कि यूक्रेन के लिए क्रीमिया को वापस लेना या नाटो में शामिल होना संभव नहीं होगा। ट्रंप का यह बयान यूक्रेनी राष्ट्रपति और यूरोपीय नेताओं के साथ व्हाइट हाउस में होने वाली बैठक से ठीक पहले आया है।

नाटो में शामिल नहीं हो पाएगा यूक्रेन: ट्रंप

ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा, 'यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की अगर चाहें तो रूस के साथ युद्ध को तुरंत समाप्त कर सकते हैं, या वह लड़ना जारी रख सकते हैं। याद रखें, यह सब कैसे शुरू हुआ था। हालांकि, क्रीमिया को वापस नहीं लिया जाएगा और यूक्रेन नाटो में शामिल नहीं हो पाएगा। कुछ चीजें कभी नहीं बदलतीं!!!'


यूरोपीय नेता जेलेंस्की के साथ वार्ता में होंगे शामिल

न्यूज एजेंसी एएफपी के अनुसार, यूरोपीय नेता सोमवार को जेलेंस्की के साथ ट्रंप के साथ होने वाली वार्ता में शामिल होंगे। वे इस वार्ता के माध्यम से रूस के साथ युद्ध को समाप्त करने का कोई रास्ता खोजने की कोशिश करेंगे। इससे पहले अलास्का में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ ट्रंप की बैठक में युद्धविराम पर कोई सफलता नहीं मिली थी, हालांकि व्हाइट हाउस के दूत स्टीव विटकॉफ ने कहा कि दोनों नेता यूक्रेन को 'मजबूत सुरक्षा गारंटी' देने पर सहमत हुए हैं।

ट्रंप-पुतिन की बैठक पर जेलेंस्की की प्रतिक्रिया

यूरोपीय आयोग की प्रमुख उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने इस खबर का स्वागत किया, लेकिन जेलेंस्की ने ब्रसेल्स में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान रूस द्वारा सुरक्षा गारंटी दिए जाने के विचार को खारिज कर दिया। उन्होंने कहा, 'सुरक्षा गारंटी के बारे में राष्ट्रपति ट्रंप ने जो कहा वह पुतिन के विचारों से कहीं ज्यादा महत्वपूर्ण है, क्योंकि पुतिन कोई सुरक्षा गारंटी नहीं देंगे।' बाद में जेलेंस्की ने सोशल मीडिया पर अमेरिकी प्रस्ताव को 'ऐतिहासिक' बताया।

दूसरी ओर फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने मास्को की स्थिति की आलोचना करते हुए कहा, 'केवल एक ही देश है जो शांति का प्रस्ताव दे रहा है, जो एक तरह से आत्मसमर्पण होगा: रूस।' इसके जवाब में रूसी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मारिया जखारोवा ने इसे 'झूठा' करार दिया।

डोनबास छोड़ दे यूक्रेन: रूस

विटकॉफ ने सीएनएन को बताया कि सुरक्षा गारंटी देने की प्रक्रिया में क्षेत्रीय 'रियायतें' शामिल होंगी। एक अधिकारी ने बताया कि ट्रंप, जेलेंस्की और यूरोपीय नेताओं के साथ अपनी बातचीत में पुतिन के उस प्रस्ताव का समर्थन कर रहे थे, जिसमें रूस दो पूर्वी यूक्रेनी क्षेत्रों पर पूर्ण नियंत्रण ले लेगा। अधिकारी ने कहा कि पुतिन 'वास्तव में यह मांग कर रहे हैं कि यूक्रेन डोनबास छोड़ दे।' इस क्षेत्र में डोनेट्स्क और लुगांस्क शामिल हैं, जिन पर रूस का आंशिक नियंत्रण है। इसके बदले में रूसी सेना खेरसॉन और जापोरिझिया के दक्षिणी यूक्रेनी क्षेत्रों में अपना हमला रोक देगी, जहां के मुख्य शहर अभी भी यूक्रेन के नियंत्रण में हैं। इस बीच यूक्रेन में दोनों पक्ष ड्रोन हमले कर रहे हैं और यूक्रेनी अधिकारियों ने खार्किव और सूमी क्षेत्र में रूसी हमलों में 13 लोगों के घायल होने की जानकारी दी है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।