Trump Tariff: कनाडा पर चल सकता है ट्रंप टैरिफ का हथौड़ा, 50% टैरिफ के साथ विमान कंपनी बॉम्बार्डियर को 'अवैध' घोषित करने की दी धमकी

Trump Threatens Canada: कनाडाई पीएम कार्नी ने दावोस में ट्रंप का नाम लिए बिना कहा था कि कनाडा, अमेरिका के भरोसे नहीं जीता, बल्कि अपनी पहचान से फलता-फूलता है। उन्होंने बड़े देशों द्वारा छोटे देशों को दबाने की निंदा की थी

अपडेटेड Jan 30, 2026 पर 9:59 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
ट्रंप का गुस्सा अमेरिकी जेट निर्माता कंपनी गल्फस्ट्रीम को कनाडा में सर्टिफिकेट न मिलने को लेकर है

Trump Threatens Canada: अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप और कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी के बीच चल रहा 'ट्रेड वॉर' अब एक बेहद गंभीर मोड़ पर पहुंच गया है। ट्रंप ने गुरुवार को कनाडा में बने विमानों पर 50% टैरिफ लगाने की धमकी दी है। इसके साथ ही उन्होंने कनाडा की प्रमुख विमान निर्माता कंपनी बॉम्बार्डियर (Bombardier) के 'ग्लोबल एक्सप्रेस' विमानों को अमेरिका में 'डी-सर्टिफाई' करने का आदेश दिया है।

क्या है विवाद की जड़? 

ट्रंप का गुस्सा अमेरिकी जेट निर्माता कंपनी गल्फस्ट्रीम को कनाडा में सर्टिफिकेट न मिलने को लेकर है। ट्रंप ने 'ट्रुथ सोशल' पर लिखा, 'कनाडा ने जानबूझकर और 'अवैध रूप से' गल्फस्ट्रीम के आधुनिक मॉडल्स (G500, 600, 700 और 800) को प्रमाणित करने से मना कर दिया है। ट्रंप ने कहा कि जब तक कनाडा गल्फस्ट्रीम को मंजूरी नहीं देता, तब तक अमेरिका बॉम्बार्डियर ग्लोबल एक्सप्रेस और कनाडा में बने अन्य सभी विमानों को अमेरिका में उड़ान भरने या बेचने के लिए अमान्य कर देगा।


ट्रंप ने ये तक घोषणा कर दी कि अगर स्थिति तुरंत नहीं सुधरी, तो कनाडा से अमेरिका आने वाले हर विमान पर 50% का भारी आयात शुल्क लगाया जाएगा।

ट्रंप और कार्नी के बीच दावोस में शुरू हुई थी जुबानी जंग

कनाडाई पीएम कार्नी ने दावोस (WEF) में ट्रंप का नाम लिए बिना कहा था कि कनाडा अमेरिका के भरोसे नहीं जीता, बल्कि अपनी पहचान से फलता-फूलता है। उन्होंने बड़े देशों द्वारा छोटे देशों को दबाने की निंदा की थी। वहीं ट्रंप इस बात से भी नाराज हैं कि कनाडा ने ग्रीनलैंड के ऊपर उनके प्रस्तावित 'गोल्डन डोम' (मिसाइल डिफेंस सिस्टम) का विरोध किया है। ट्रंप का कहना है कि यह सिस्टम कनाडा की भी रक्षा करेगा, लेकिन कनाडा 'एहसान फरामोश' हो रहा है। दोनों नेताओं के बीच यह तनाव केवल व्यापार तक सीमित नहीं है, बल्कि व्यक्तिगत और राजनीतिक भी हो गया है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।