Tsunami Warning LIVE Updates: कई देशों में सुनामी अलर्ट, जापान और अमेरिका में तटवर्ती इलाकों से लोगों की निकासी जारी
रूस के तट पर 8.8 तीव्रता का भूकंप आया जो अब तक के सबसे शक्तिशाली भूकंपों में से एक है। इसके बाद संयुक्त राज्य अमेरिका और जापान सहित कई देशों में सुनामी की चेतावनी जारी की गई है और लोगों को सुरक्षित जगहों पर जाने के आदेश दिए गए हैं।
जापान में सुनामी की शुरुआती लहरें पहले ही देखी जा चुकी है। ये लहरें उत्तरी द्वीप प्रांत होक्काइडो के तट पर, जो रूस के सबसे करीब है, 40 सेंटीमीटर तक ऊंची दर्ज की गई है। हालांकि अब तक किसी के घायल होने की खबर नहीं है, अधिकारियों ने जापान के प्रशांत तट के पास के समुदायों के लिए निकासी के आदेश जारी किए है, जहां लहरें 3 मीटर तक ऊंची हो सकती हैं। एहतियात के तौर पर, फुकुशिमा परमाणु संयंत्र के कर्मचारियों को भी सुरक्षित स्थानों पर भेज दिया गया है, जो 2011 की सुनामी में बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था।
संयुक्त राज्य अमेरिका में हवाई और कैलिफोर्निया के अधिकारियों ने जनता से समुद्र तटों और निचले तटीय इलाकों से दूर रहने का आग्रह किया है। जबकि कैलिफोर्निया के अधिकारियों ने कहा है कि विनाशकारी नुकसान का जोखिम कम है, हवाई के गवर्नर ने निवासियों को शांत रहने और आधिकारिक अपडेट का बारीकी से पालन करने की सलाह दी है। रूस के सुदूर पूर्व में, कुछ लोगों को मामूली चोटें आई हैं, और सुनामी लहरों ने सेवेरो-कुरिल्स्क के बंदरगाह शहर के कुछ हिस्सों में पानी भर दिया है, जिससे बंदरगाह के बुनियादी ढांचे को भी नुकसान पहुंचा है।