अमेरिकी सैनिकों ने वेनेजुएला पर हमला कर राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी सीलिया फ्लोरेस को शनिवार को बंधक बना लिया। निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी इस समय अमेरिकी जेल में हैं। इस घटनाक्रम ने एक बार फिर पूरी दुनिया को हैरान कर दिया है। अमेरिकी सैनिकों ने अपने इस सिक्रेट मिशन में कुछ ही घंटों में अंजाम दिया। वहीं सैटेलाइट तस्वीरों में वेनेजुएला के सबसे बड़े सैन्य ठिकाने फुएर्टे ट्यूना को हुआ नुकसान साफ नजर आ रहा है।
अमेरिकी एक्शन से वेनेजुएला को भारी नुकसान
बता दें कि वेनेजुएला के फुएर्टे ट्यूना...यही वह बेस है, जहां एक रात चले ऑपरेशन के दौरान अमेरिकी सेना ने राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी सीलिया फ्लोरेस को हिरासत में लिया था। कराकस के बाहरी इलाके में स्थित इस कड़े सुरक्षा वाले परिसर के अंदर हमले के निशान दिखते हैं। बताया गया है कि जब अमेरिकी सैनिक बेस में दाखिल हुए, तब मादुरो और फ्लोरेस वहीं अपने सरकारी आवास में मौजूद थे। बाद में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि यह ऑपरेशन रात के अंधेरे में पूरी तैयारी के साथ किया गया था। उनके मुताबिक, छापे के दौरान कराकस के बड़े हिस्से में बिजली गुल हो गई थी, जिसे शहर की सप्लाई रोकने के लिए खास तकनीकी तरीकों से अंजाम दिया गया।
अमेरिका के गिरफ्त में निकोलस मादुरो
अमेरिकी अधिकारियों का कहना है कि मादुरो और उनकी पत्नी को सैन्य बेस से बाहर निकालकर वेनेजुएला के पास तैनात अमेरिकी नौसेना के एक जहाज यूएसएस इवो जिमा पर ले जाया गया। इसके बाद दोनों को एक अमेरिकी एयर बेस में शिफ्ट कर दिया गया। अमेरिका में इस दंपती पर कथित नार्को-टेररिज़्म साजिश से जुड़े गंभीर आरोप लगे हुए हैं। इस कार्रवाई के दौरान कराकस में कम से कम सात धमाकों की खबरें सामने आईं। अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने इसे सेना और कानून प्रवर्तन एजेंसियों का बड़ा संयुक्त ऑपरेशन बताया। पूरा मिशन 30 मिनट से भी कम समय में पूरा कर लिया गया।
अमेरिकी सेना के वरिष्ठ अधिकारी जनरल डैन केन ने बताया कि इस ऑपरेशन में करीब 150 विमान शामिल थे, जो हेलीकॉप्टर से आए सैनिकों को सपोर्ट कर रहे थे। उनके मुताबिक, इस मिशन की तैयारी कई महीनों से चल रही थी और इसमें खुफिया एजेंसियों ने मादुरो की रोज़मर्रा की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी थी।
अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, मादुरो और उनकी पत्नी सीलिया फ्लोरेस ने बिना किसी विरोध के खुद को सौंप दिया। इस पूरी कार्रवाई में किसी भी अमेरिकी सैनिक को नुकसान नहीं हुआ। इसके बाद डोनाल्ड ट्रंप ने एक तस्वीर साझा की, जिसमें मादुरो ग्रे रंग का ट्रैकसूट पहने हुए थे। उनके सिर पर सुरक्षा हेडफोन लगे थे और आंखों पर पट्टी बंधी हुई थी। ट्रंप ने बताया कि यह तस्वीर उस वक्त की है, जब मादुरो अमेरिकी नौसेना के जहाज यूएसएस इवो जिमा पर मौजूद थे। 63 साल के निकोलस मादुरो ने पूर्व राष्ट्रपति ह्यूगो शावेज के निधन के बाद सत्ता संभाली थी और तब से वे एक दशक से ज्यादा समय तक देश पर शासन करते रहे। उनके कार्यकाल में वेनेजुएला को गंभीर आर्थिक मुश्किलों का सामना करना पड़ा। साथ ही, राजनीतिक विरोध को दबाने और चुनावों की निष्पक्षता पर भी लगातार सवाल उठते रहे, जिसको लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर काफी आलोचना हुई।
हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।