अमेरिका, वेनेजुएला से 10 करोड़ डॉलर से ज्यादा का सोना लेकर आया है। यह बात अमेरिका के इंटीरियर सेक्रेटरी (आंतरिक मामलों के सचिव) डग बर्गम ने कंफर्म की है। बर्गम फॉक्स न्यूज के साथ इस चीज पर बात कर रहे थे कि US, वेनेजुएला के रेयर अर्थ मिनरल्स को कैसे एक्सप्लोर करने की प्लानिंग कर रहा है। इस साल जनवरी में अमेरिका ने वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस को पकड़ लिया और उन्हें अमेरिका लाया गया। मादुरो और उनकी पत्नी पर न्यूयॉर्क के दक्षिणी जिले में आपराधिक आरोप तय किए गए हैं। उन पर नार्को-आतंकवाद और ड्रग तस्करी जैसे आरोप हैं।
बर्गम के मुताबिक, "इंडस्ट्रियल और दूसरे कमर्शियल इस्तेमाल के लिए शुक्रवार को वेनेजुएला से US में 10 करोड़ डॉलर का सोना आया। वेनेजुएला के पास सोने के 500 अरब डॉलर के रिसोर्स हैं। लेकिन उनके पास बॉक्साइट और एल्यूमीनियम जैसे दूसरे जरूरी मिनरल्स भी हैं, जिनकी हमें अपने डिफेंस और कंज्यूमर गुड्स के लिए जरूरत है। बिजली बनाने में मदद के लिए कोयले के रिसोर्स भी हैं। यह हमें चीन के साथ AI आर्म्स रेस जीतने में भी मदद कर सकता है।"
ट्रंप को धन्यवाद देंगे वेनेजुएला के लोग
बर्गम का कहना है कि वेनेजुएला के लोग अमेरिकी राष्ट्रपति को धन्यवाद देंगे। उनके मुताबिक, "जब हम पिछले हफ्ते ऑयल और गैस एग्जीक्यूटिव्स और टॉप माइनिंग एग्जीक्यूटिव्स के साथ वहां थे, तो वे वेनेजुएला वापस जाकर वहां मौजूद शानदार मौकों को देखने के लिए उत्साहित थे। वेनेजुएला के लोग ट्रंप के लिए एक स्टैच्यू समर्पित करने जा रहे हैं क्योंकि वह दो दशक से ज्यादा समय के बाद उनकी इकॉनमी को फिर से खोलने जा रहे हैं। वेनेजुएला में इस बात को लेकर बहुत उत्साह है कि उनका भविष्य कैसा हो सकता है।"
वेनेजुएला के पास दुनिया का सबसे बड़ा ऑयल रिजर्व
वेनेजुएला के पास दुनिया का सबसे बड़ा ऑयल रिजर्व है। मादुरो को हटाने के बाद US ने वेनेजुएला के तेल तक पहुंच के लिए बातचीत की और प्राइवेट कंपनियों को वेनेजुएला के तेल के प्रोडक्शन और बिक्री को कंट्रोल करने की मंजूरी दी। अमेरिका ने कुछ बैन हटा दिए और वेनेजुएला के क्रूड ऑयल के ट्रेड के लिए लाइसेंस मंजूर कर दिए। इस साल फरवरी में कांग्रेस में अपने सालाना स्टेट ऑफ द यूनियन (SOTU) भाषण में डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया कि यूनाइटेड स्टेट्स को वेनेज़ुएला से 8 करोड़ बैरल से ज्यादा तेल मिला है।