US Deploys Fighter Planes: मिडल ईस्ट में तनाव एक बार फिर चरम पर पहुंच गया है। अमेरिका ने पिछले 24 घंटों के भीतर ईरान के करीब 50 से ज्यादा अत्याधुनिक लड़ाकू विमानों की तैनाती कर दी है। दूसरी ओर ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई ने अमेरिका को चेतावनी देते हुए कहा है कि उनके पास दुनिया की सबसे ताकतवर सेना को धूल चटाने और अमेरिकी युद्धपोतों को समुद्र में डुबोने की पूरी क्षमता है।
अमेरिका की बड़ी सैन्य घेराबंदी, F-35 और F-22 किया तैनात
तनाव को देखते हुए अमेरिका ने अपनी वायुसेना और नौसेना को हाई अलर्ट पर रखा है। रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका ने F-16, F-22 और F-35 जैसे दुनिया के सबसे घातक लड़ाकू विमानों को ईरान के आसपास के बेस पर भेजा है। यह सैन्य जमावड़ा ऐसे समय में हो रहा है जब जिनेवा में परमाणु कार्यक्रम को लेकर दोनों देशों के बीच अप्रत्यक्ष बातचीत चल रही है। अमेरिका इसे सुरक्षा के लिहाज से 'तैयारी' बता रहा है।
'दुनिया की सबसे बड़ी ताकत भी गिर सकती है': खामेनेई
ईरान के सर्वोच्च नेता खामेनेई ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सैन्य शक्ति वाले बयानों पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि अमेरिका अपनी जिस ताकत पर घमंड करता है, उसे इतना तगड़ा झटका दिया जा सकता है कि वह दोबारा उठ न पाए। खामेनेई ने कहा, 'युद्धपोत खतरनाक हथियार हो सकते हैं, लेकिन उससे भी खतरनाक वह हथियार है जो उस युद्धपोत को समुद्र में डुबो सकता है।'
'हॉर्मुज जलडमरूमध्य' बंद, दागी गईं मिसाइलें
इस तनाव के बीच ईरान ने दुनिया की सबसे महत्वपूर्ण समुद्री व्यापारिक लेन 'स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज' को सैन्य अभ्यास के लिए अस्थायी रूप से बंद कर दिया है। ईरानी मीडिया के मुताबिक, लाइव-फायर ड्रिल के दौरान मिसाइलें दागी गईं। गौरतलब है कि दुनिया का लगभग 20% तेल इसी रास्ते से गुजरता है। ईरान की इस कार्रवाई को दुनिया के लिए एक बड़ी चेतावनी माना जा रहा है।
जिनेवा में दोनों पक्षों के बीच बातचीत जारी
युद्ध की धमकियों के बीच बातचीत का रास्ता पूरी तरह बंद नहीं हुआ है। जिनेवा में ओमान की मध्यस्थता से दोनों पक्षों के बीच बातचीत चल रही है। अमेरिकी दल का नेतृत्व स्टीव विटकॉफ और जारेड कुशनर कर रहे हैं। ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा है कि बातचीत के लिए 'एक नई खिड़की खुली है'। वहीं, अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने भी बातचीत को कुछ हद तक पॉजिटिव बताया है, हालांकि कई मुद्दों पर मतभेद अभी भी बरकरार है।