जनवरी-मार्च 2025 तिमाही में अमेरिकी अर्थव्यवस्था को झटका लगा है। वाणिज्य विभाग की 26 जून को जारी रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी GDP में सालाना आधार पर 0.5 प्रतिशत की कमी आई है। यह 3 सालों में पहली बार है, जब अमेरिकी अर्थव्यवस्था में गिरावट है। इसकी प्रमुख वजह अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से अन्य देशों पर लगाए गए आक्रामक टैरिफ्स के चलते कारोबारों के सामने आई रुकावट रही।
अमेरिकी कंपनियों ने टैरिफ लागू होने से पहले सस्ते में विदेशी सामान मंगाने के लिए भारी मात्रा में आयात किया। इसका असर यह हुआ कि अमेरिकी आयात में 37.9 प्रतिशत की जबरदस्त बढ़ोतरी हुई। इससे पहले अमेरिका के वाणिज्य विभाग ने अर्थव्यवस्था में मार्च तिमाही में 0.2 प्रतिशत की गिरावट का अनुमान जताया था। अक्टूबर-दिसंबर 2024 तिमाही में अमेरिकी अर्थव्यवस्था 2.4 प्रतिशत की रफ्तार से बढ़ी थी।
उपभोक्ता खर्च ने भी छोड़ी रफ्तार
दिसंबर 2024 तिमाही में अमेरिका में उपभोक्ता खर्च 4 प्रतिशत की दर से बढ़ा था। वहीं मार्च 2025 तिमाही में यह सिर्फ 0.5 प्रतिशत की दर से बढ़ा। यह अमेरिकी वाणिज्य विभाग के पहले अनुमान से भी काफी कम है। अमेरिकी सरकार का खर्च मार्च 2025 तिमाही में सालाना आधार पर 4.6% की दर से घटा। यह 2022 के बाद की सबसे बड़ी गिरावट है। इससे भी GDP पर दबाव पड़ा।
दूसरी तिमाही में लौट सकती है अमेरिकी इकोनॉमी की रफ्तार
विशेषज्ञों का मानना है कि अप्रैल-जून तिमाही में अमेरिकी अर्थव्यवस्था की रफ्तार वापस लौट आएगी और हालात मार्च तिमाही जैसे नहीं होंगे। डेटा फर्म FactSet के एक सर्वे में अनुमान लगाया गया है कि जून 2025 तिमाही में अमेरिकी अर्थव्यवस्था 3% की दर से बढ़ सकती है। इसका पहला संकेत 30 जुलाई को आने वाला है, जब दूसरी तिमाही की GDP रिपोर्ट जारी होगी।