F-15 Fighter Jet Crashed In Kuwait: मिडल-ईस्ट में जारी भारी तनाव के बीच कुवैत से एक बड़ी खबर आ रही है। अमेरिका का एक F-15 ईगल फाइटर जेट आसमान में आग का गोला बनकर नीचे गिर गया। इसके साथ ही कतर की राजधानी दोहा में भी सोमवार सुबह कई शक्तिशाली धमाकों की आवाजें सुनी गई हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
शुरुआती रिपोर्ट्स के अनुसार, कुवैत के ऊपर उड़ान भर रहा अमेरिकी वायुसेना का एक लड़ाकू विमान अचानक आग की चपेट में आ गया। राहत की बात यह रही कि विमान के जमीन पर गिरने से पहले ही पायलट ने सुरक्षित तरीके से 'इजेक्ट' कर लिया। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में जेट को हवा में ही आग की लपटों से घिरा और फिर एक बड़े धमाके के साथ जमीन पर गिरते हुए देखा जा सकता है। फिलहाल यह साफ नहीं है कि विमान किसी तकनीकी खराबी की वजह से गिरा है या इसे ईरान समर्थित गुटों द्वारा निशाना बनाया गया है।
दोहा में जोरदार धमाकों से दहशत
कतर की राजधानी दोहा में भी सोमवार की सुबह शांतिपूर्ण नहीं रही। एएफपी की रिपोर्ट के मुताबिक, शहर के अलग-अलग हिस्सों में कई तेज धमाकों की आवाजें सुनी गईं। धमाकों के तुरंत बाद सुरक्षा बल और आपातकालीन सेवाएं अलर्ट हो गईं। अभी तक कतर सरकार या अमेरिकी सेना ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि ये धमाके किसी मिसाइल हमले के थे या एयर डिफेंस सिस्टम द्वारा किसी खतरे को हवा में नष्ट करने के।
F-15 ईगल दुनिया के सबसे खतरनाक फाइटर जेट्स में से एक माना जाता है। 1976 में सेना में शामिल होने के बाद से अब तक हवाई युद्ध (Air-to-Air Combat) में इसका रिकॉर्ड 104-0 रहा है, यानी इसे कभी कोई दूसरा विमान मार नहीं गिरा पाया। यह विमान मैक 2.5 की सुपरसोनिक रफ्तार से उड़ सकता है और भारी मात्रा में हथियार ले जाने में सक्षम है। मौजूदा संघर्ष में अमेरिका इन्ही जेट्स का इस्तेमाल ईरान के ठिकानों पर हमला करने के लिए कर रहा है।