US Partial Shutdown: अमेरिका में फिर से सरकार का 'पार्शियल शटडाउन' शुरू, बजट पर गहराया संकट

US Govt Shutdown: यह शटडाउन आंशिक है, लेकिन इसके परिणाम गंभीर हो सकते हैं। पिछले साल ऑटम में हुआ 43 दिनों का शटडाउन अमेरिकी इतिहास का सबसे लंबा शटडाउन था, जिसमें लाखों लोगों की फूड सहायता रुक गई थी और हजारों उड़ानें रद्द हुई थीं

अपडेटेड Jan 31, 2026 पर 3:14 PM
Story continues below Advertisement
ट्रंप के पिछले साल दोबारा सत्ता संभालने के बाद यह दूसरा मौका है जब फंड की कमी के कारण सरकार को शटडाउन का सामना करना पड़ा है

US Partial Shutdown: अमेरिका में एक बार फिर पार्शियल शटडाउन की स्थिति में पहुंच गया है। शुक्रवार आधी रात की समयसीमा बीतने के बाद भी कांग्रेस बजट पर आम सहमति नहीं बना पाई, जिसके कारण संघीय सरकार का कामकाज आंशिक रूप से रुक गया है। डोनाल्ड ट्रंप के पिछले साल दोबारा सत्ता संभालने के बाद यह दूसरा मौका है जब फंड की कमी के कारण सरकार को शटडाउन का सामना करना पड़ा है।

प्रदर्शनकारियों की मौत को लेकर है राजनीतिक गतिरोध

इस शटडाउन की मुख्य वजह मिनीपोलिस में संघीय इमिग्रेशन एजेंटों (ICE) द्वारा दो प्रदर्शनकारियों की मौत को लेकर डेमोक्रेटिक पार्टी का गुस्सा है। इस घटना के बाद 'डिपार्टमेंट ऑफ होमलैंड सिक्योरिटी' (DHS) के नए फंड को लेकर चल रही बातचीत टूट गई। सीनेट डेमोक्रेटिक माइनॉरिटी व्हिप डिक डर्बिन ने ट्रंप प्रशासन की आलोचना करते हुए कहा कि सरकार ड्रग तस्करों और अपराधियों को पकड़ने के बजाय शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों को निशाना बनाकर संसाधनों को बर्बाद कर रही है।


शटडाउन के क्या होंगे प्रभाव

हालांकि यह शटडाउन 'आंशिक' है, लेकिन इसके परिणाम गंभीर हो सकते हैं। पिछले साल ऑटम में हुआ 43 दिनों का शटडाउन अमेरिकी इतिहास का सबसे लंबा शटडाउन था, जिसमें लाखों लोगों की फूड सहायता रुक गई थी और हजारों उड़ानें रद्द हुई थीं। कई सरकारी कर्मचारियों को बिना वेतन के काम करना पड़ सकता है या उन्हें छुट्टी पर भेजा जा सकता है। सीनेट ने पांच प्रमुख फंडिंग बिलों को मंजूरी दे दी है, लेकिन DHS को लेकर केवल दो सप्ताह का अस्थायी प्रावधान ही विचाराधीन है।

जल्द समाधान की उम्मीद

राहत की बात यह है कि इस शटडाउन के लंबे समय तक खिंचने के आसार कम है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सीनेट द्वारा समर्थित समझौते का समर्थन किया है और प्रतिनिधि सभा से इसे जल्द पारित करने का आग्रह किया है। उम्मीद है कि अगले सप्ताह की शुरुआत में सदन इस समझौते की पुष्टि कर देगा, जिससे प्रशासन फिर से सुचारू रूप से काम करने लगेगा।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।