'ईरान की हार तय...कहीं देर ना हो जाए', G-7 में डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को दे डाली खुली चेतावनी

Iran Israel War : कनाडा के कनानास्किस में हो रहे जी7 शिखर सम्मेलन के दौरान ट्रंप ने कहा, “उन्हें (ईरान को) अब एक समझौता करना होगा। यह स्थिति दोनों पक्षों के लिए तकलीफदेह है, लेकिन मैं साफ कह सकता हूं कि ईरान यह युद्ध नहीं जीत रहा। उन्हें तुरंत बातचीत में लौटना चाहिए, इससे पहले कि बहुत देर हो जाए

अपडेटेड Jun 16, 2025 पर 11:14 PM
Story continues below Advertisement
ईरान और इजरायल के बीच चल रहे युद्ध को लेकर अब डोनाल्ड ट्रंप का नया बयान सामने आया है।

Iran Israel War : ईरान और इजरायल के बीच चल रहे युद्ध को लेकर अब डोनाल्ड ट्रंप का नया बयान सामने आया है। सोमवार को जी7 शिखर सम्मेलन में शामिल होने कनाडा पहुंचे अमेरिका के राष्ट्रपति ने खुलकर इजरायल के पक्ष में अपना बयान दिया। अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को कहा कि, ईरान, इजरायल के साथ चल रहे संघर्ष में जीत नहीं पा रहा है और उसे बहुत देर होने से पहले फिर से बातचीत शुरू कर देनी चाहिए।

कनाडा के कनानास्किस में हो रहे जी7 शिखर सम्मेलन के दौरान ट्रंप ने कहा, “उन्हें (ईरान को) अब एक समझौता करना होगा। यह स्थिति दोनों पक्षों के लिए तकलीफदेह है, लेकिन मैं साफ कह सकता हूं कि ईरान यह युद्ध नहीं जीत रहा। उन्हें तुरंत बातचीत में लौटना चाहिए, इससे पहले कि बहुत देर हो जाए।”

ईरान-इजरायल के बीच जारी है जंग


इज़रायल और ईरान के बीच चल रहा संघर्ष सोमवार को चौथे दिन भी जारी रहा, जिससे पश्चिम एशिया में लंबे युद्ध की आशंका और गहराने लगी है। दोनों देशों के बीच पुराना दुश्मनी भरा रिश्ता रहा है और वे कई वर्षों से छुपे हुए ऑपरेशन और गुप्त हमलों के जरिए एक तरह का प्रॉक्सी वॉर लड़ते आए हैं। वहीं बीते शुक्रवार सुबह से शुरू हुए एक बड़े अभियान में, इजरायली फाइटर जेट और ड्रोन ने ईरान के परमाणु और सैन्य ठिकानों पर हमला किया, साथ ही रिहायशी इलाकों और ईंधन के भंडारण केंद्रों को भी निशाना बनाया गया। ईरान के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, इजरायल के हमले में अब तक 224 लोग मारे गए और 1,200 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। वहीं, ईरान ने भी जवाबी हमला करते हुए इज़राइली शहरों पर मिसाइल और ड्रोन हमले किए, जिसमें 24 लोगों की मौत हुई और 592 से अधिक घायल हुए हैं।

ईरान के कई सैन्य कमांडर्स की मौत

इजराइल ने ईरान में कई वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों और परमाणु वैज्ञानिकों को मार गिराया है। इजराइली अधिकारियों का कहना है कि यह एक आक्रामक अभियान है, जिसका मकसद ईरान से परमाणु और मिसाइल खतरे को खत्म करना है। हमले में ईरानी सरकारी चैनल IRIB के मुख्यालय को भी निशाना बनाया गया। इसके बाद इज़राइल के रक्षा मंत्री इज़राइल काट्ज़ ने कहा कि अब "ईरान का प्रचार तंत्र और उकसावे की आवाज़ बंद होने वाली है।" इजराइली सेना ने बताया कि सोमवार को किए गए ताज़ा हमलों में ईरान के एक-तिहाई मिसाइल लांचर तबाह कर दिए गए हैं। इजराइली सैन्य प्रवक्ता एफी डेफ्रिन ने दावा किया कि, "हमने अब तेहरान के आसमान पर पूरी तरह से नियंत्रण पा लिया है।"

दोनों देशों के बीच तेज हुई जंग

तेहरान में, इज़राइल ने कहा कि उसने ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड की विदेशी शाखा कुद्स फोर्स से जुड़े कमांड सेंटरों पर हमला किया है।ईरानी सेना के प्रवक्ता रेजा सैय्यद ने कहा कि ईरान की तरफ से इज़राइल में जिन जगहों को निशाना बनाया गया, उनमें महत्वपूर्ण सुरक्षा केंद्र, और सैन्य कमांडरों व वैज्ञानिकों के घर शामिल थे। ईरानी सेना के प्रवक्ता रेजा सैय्यद ने टेलीविज़न पर अपने भाषण में कहा कि ईरान इन हमलों का तबाही मचाने वाला जवाब देगा। वहीं, रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने एक बयान जारी कर कहा कि वे इज़राइल के और भी अहम ठिकानों पर तब तक हमले करते रहेंगे जब तक उन्हें पूरी तरह तबाह नहीं कर देते।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।