मादुरो और उनकी पत्नी को बेडरूम से घसीटा, फिर किया गिरफ्तार! अमेरिका के वेनेजुएला ऑपरेशन की पूरी कहानी

US Arrest Maduro: इतने बड़े ऑपरेशन की तैयारी एक दिन में नहीं होती। अब इस पूरे एक्शन के पीछे की कहानी खुलकर सामने आ रही है। असल में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कुछ दिनों पहले ही निकोलस मादुरो को पकड़ने की हरी झंडी दी थी। इससे बहुत पहले ट्रंप ने अमेरिका की खुफिया एजेंसी- सेंट्रल इंटेलिजेंस एजेंसी (CIA) को वेनेजुएला के भीतर गुप्त तरीके से काम करने की मंजूरी दी थी

अपडेटेड Jan 03, 2026 पर 8:15 PM
Story continues below Advertisement
US Attack on Venezuela: वेनेजुएला के राष्ट्रपति मादुरो और उनकी पत्नी को बेडरूम से घसीटा, फिर किया गिरफ्तार!

अमेरिका की स्पेशल ऑपरेशन यूनिट- डेल्टा फोर्स ने वेनेजुएला में भीतर घुस कर राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस को गिरफ्तार किया और फिर किसी अज्ञात जगह ले गए। स्थानीय समयानुसार रात करीब 2 बजे कराकस में कम से कम सात धमाकों की आवाज सुनी गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बहुत नीची ही कई विमान उड़ान भर रहे थे, एक प्रमुख सैन्य अड्डे के पास धुआं दिखाई दे रहा था और कई इलाकों में बिजली गुल हो गई थी। धमाकों के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गए।

इतने बड़े ऑपरेशन की तैयारी एक दिन में नहीं होती। अब इस पूरे एक्शन के पीछे की कहानी खुलकर सामने आ रही है। असल में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कुछ दिनों पहले ही निकोलस मादुरो को पकड़ने की हरी झंडी दी थी। इससे बहुत पहले ट्रंप ने अमेरिका की खुफिया एजेंसी- सेंट्रल इंटेलिजेंस एजेंसी (CIA) को वेनेजुएला के भीतर गुप्त तरीके से काम करने की मंजूरी दी थी।

ट्रंप ने 15 अक्टूबर 2025 को वेनेजुएला में CIA को गुप्त अभियान चलाने की आधिकारिक मंजूरी दी थी। तब उन्होंने ओवल ऑफिस में पत्रकारों से कहा था- यह फैसला ड्रग तस्करी रोकने और अवैध प्रवासियों पर अंकुश लगाने के लिए लिया गया।


इसके बाद CIA ने मादुरो की लोकेशन ट्रैक करने जैसे कई सीक्रेट काम किए। CIA के सटीक इनपुट और एक बड़ी प्लानिंग के साथ डेल्टा फोर्स ने इस मिशन को बड़ी ही सफाई से अंजाम दिया।

मादुरो और उनकी पत्नी को बेडरूम से घसीटा

CNN ने मामले से परिचित दो सूत्रों के हवाले से बताया कि वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस को अमेरिकी सेना ने उनके बेडरूम से घसीटकर बाहर निकाला, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया। सूत्रों ने बताया कि दंपति को आधी रात को सोते समय उठाया।

एक अमेरिकी अधिकारी ने बताया कि अमेरिकी सेना के स्पेशल डेल्टा फोर्स के इस ऑपरेशन में किसी भी अमेरिकी सैनिक को कोई नुकसान नहीं हुआ।

मादुरो को न्यूयॉर्क लाने की तैयारी

मामले की जानकारी रखने वाले सूत्रों के अनुसार, FBI एजेंटों की एक टीम US स्पेशल ऑपरेशन फोर्स के साथ थी, जिन्होंने वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को गिरफ्तार किया था। अब मादुरो को न्यूयॉर्क ले जाने की योजना बनाई जा रही है, जहां मैनहट्टन की फेडरल कोर्ट में उन पर आरोप तय किए जाएंगे।

अमेरिकी कानून प्रवर्तन अधिकारियों के अनुसार, अमेरिकी ड्रग एनफोर्समेंट एडमिनिस्ट्रेशन (DEA) ने मादुरो और वेनेजुएला के कुछ शीर्ष सैन्य नेताओं के खिलाफ मुकदमा तैयार करने के लिए सालों तक काम किया है।

उम्मीद है कि यह काम उन आरोपों का आधार बनेगा, जिन्हें जल्द ही सार्वजनिक किया जाएगा।

अमेरिकी अटॉर्नी जनरल पाम बोंडी ने पहले कहा था कि वेनेजुएला में पकड़े जाने के बाद मादुरो को "अमेरिकी धरती पर अमेरिकी अदालतों में जल्द ही अमेरिकी न्याय के पूरे शिकंजे का सामना करना पड़ेगा"।

Venezuela Crisis: वेनेजुएला के पास दुनिया का सबसे बड़ा तेल भंडार, फिर बर्बाद क्यों है ये मुल्क? वजह कर देगी हैरान

 

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।