अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने शनिवार को कहा कि वेनेजुएला ने हालात सुलझाने के लि अमेरिका की ओर से दिए गए कई प्रस्तावों को नजरअंदाज किया। उन्होंने कहा कि निकोलस मादुरो की गिरफ्तारी यह दिखाती है कि डोनाल्ड ट्रंप जो कहते हैं, वही करके दिखाते हैं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए वेंस ने कहा कि अमेरिका ने कई मौके दिए थे, लेकिन उसकी शर्तें साफ थीं- ड्रग्स की तस्करी बंद होनी चाहिए और अवैध रूप से लिया गया तेल अमेरिका को लौटाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि, ट्रंप ने मादुरो को पहले ही चेतावनी दे दी थी। मादुरो ने हमले के लिए मजबूर किया।
ट्रंप ने की थी मादुरो से बात
इस कार्रवाई को सही ठहराते हुए वेंस ने कहा कि मादुरो अमेरिकी कानून के तहत एक भगोड़ा था। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि सिर्फ इसलिए कोई कानून से नहीं बच सकता क्योंकि वह काराकास के एक महल में रहता है।डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को अमेरिका की सेना द्वारा वेनेज़ुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की गिरफ्तारी की सराहना की। वहीं अमेरिकी अटॉर्नी जनरल पाम बोंडी ने कहा कि मादुरो को अमेरिकी कानून के तहत कड़ी कार्रवाई का सामना करना होगा। मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस पर अमेरिका में ड्रग्स की तस्करी और आतंकवाद से जुड़े गंभीर आरोप लगाए गए हैं। इन आरोपों को लेकर वेनेज़ुएला सरकार पर पिछले कुछ समय से लगातार दबाव बना हुआ था। अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, डेल्टा फोर्स के सैनिकों ने काराकास में हवाई कार्रवाई के दौरान दोनों को हिरासत में लिया।
डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ सोशल पर कहा कि संयुक्त राज्य अमेरिका ने वेनेज़ुएला और उसके राष्ट्रपति निकोलस मादुरो के खिलाफ एक बड़ा और सफल ऑपरेशन किया है। उनके मुताबिक, मादुरो और उनकी पत्नी को गिरफ्तार कर देश से बाहर ले जाया गया है। ट्रंप ने फ्लोरिडा स्थित अपने मार-ए-लागो आवास से कहा कि यह कार्रवाई अमेरिकी कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ मिलकर की गई।
इसके बाद द न्यूयॉर्क टाइम्स से फोन पर संक्षिप्त बातचीत में ट्रंप ने इस ऑपरेशन को “बेहद शानदार” बताया। उन्होंने कहा कि यह बहुत अच्छी योजना के साथ किया गया मिशन था और इसमें शामिल सैनिकों और अधिकारियों की जमकर तारीफ की। हालांकि, उन्होंने यह बताने से इनकार कर दिया कि इस कार्रवाई के लिए कांग्रेस से कोई मंज़ूरी ली गई थी या नहीं। पाम बोंडी ने बताया कि निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस के खिलाफ न्यूयॉर्क में गंभीर आरोप लगाए गए हैं। इन आरोपों में ड्रग्स तस्करी से जुड़ी साजिश, बड़ी मात्रा में कोकीन अमेरिका लाने की योजना और हथियारों से जुड़े अपराध शामिल हैं। बोंडी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा कि दोनों को जल्द ही अमेरिका लाया जाएगा, जहां उन्हें अमेरिकी अदालतों में कानून के तहत सख्त कार्रवाई का सामना करना होगा।
रिपोर्ट के मुताबिक, मादुरो पर पहली बार साल 2020 में ऐसे आरोप लगाए गए थे। इसके बाद अगस्त में डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन ने उनकी गिरफ्तारी से जुड़ी जानकारी देने पर मिलने वाले इनाम को बढ़ाकर 5 करोड़ डॉलर कर दिया था। अमेरिका का आरोप है कि मादुरो कथित तौर पर “कार्टेल ऑफ द सन्स” नाम के ड्रग तस्करी नेटवर्क का नेतृत्व कर रहे थे।