US Strikes Venezuela : अमेरिका ने शनिवार को वेनेजुएला की राजधानी काराकास में बड़ा हमला किया और राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को बंधक बना लिया। हमले के बाद अमेरिका ने वेनेजुएला पर कब्जा कर लिया है। अमेरिका की तीनों सेनाओं ने ऑपरेशन मिडनाइट हैमर चलाकर वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस को पकड़ लिया है।
वहीं अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने वेनेजुएला में ऑपरेशन को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस की है और ऑपरेशन की डिटेल दी है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, वेनेजुएला अब हमारे कंट्रोल में है और वहां अब अमेरिकी शासन है। ये तब तक रहेगा जब तक वहां बदलाव नहीं हो जाता। प्रेस कॉन्फ्रेस में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, निकोलस मादुरो तानाशाह हैं। इस ऑपरेशन में एक भी अमेरिकी सैनिक नहीं मारा गया है।
अब वेनेजुएला में अमेरिकी शासन
डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अमेरिका ने बहुत कम समय में ऐसा काम किया है, जो दुनिया का कोई और देश नहीं कर पाया। उनके मुताबिक, अमेरिकी सेना और कानून लागू करने वाली एजेंसियों ने मिलकर आधी रात को एक जोखिम भरे ऑपरेशन में निकोलस मादुरो को उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस के साथ गिरफ्तार कर लिया। ट्रंप ने कहा कि ऑपरेशन अंधेरे में और खतरनाक हालात में किया गया, लेकिन यह पूरी तरह सफल रहा। ट्रंप के अनुसार, इस कार्रवाई के बाद वेनेजुएला की सैन्य ताकत बेअसर हो गई है। उन्होंने यह भी बताया कि मादुरो और फ्लोरेस पर न्यूयॉर्क का साउदर्न डिस्ट्रिक्ट में गंभीर आरोप लगाए गए हैं और अब दोनों को अमेरिकी अदालतों में कानून के तहत न्याय का सामना करना होगा।
डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि उनके आदेश पर अमेरिका की सेना ने देर रात और सुबह के बीच काराकास में एक बड़ा सैन्य अभियान चलाया। उन्होंने बताया कि इस कार्रवाई में हवा, ज़मीन और समुद्र—तीनों तरफ से अमेरिकी सैन्य ताकत का इस्तेमाल किया गया। ट्रंप के मुताबिक, यह एक बेहद सटीक और शक्तिशाली हमला था, जैसा बहुत लंबे समय से दुनिया ने नहीं देखा था। उन्होंने कहा कि यह ऑपरेशन काराकास के बीचों-बीच बने एक कड़े सुरक्षा वाले सैन्य ठिकाने को निशाना बनाकर किया गया, ताकि निकोलस मादुरो को पकड़कर न्याय के सामने लाया जा सके। ट्रंप ने इस अभियान को अमेरिकी इतिहास में सैन्य क्षमता और ताकत का सबसे प्रभावशाली उदाहरण बताया।