अमेरिका के उप राष्ट्रपति जेडी वांस ने हाल ही में एक सार्वजनिक मंच से बयान दिया था जिसके बाद उन्हें आलोचनाओं का सामना करना पड़ा। खासतौर से भारत में उनके बयान पर सख्त प्रतिक्रिया हुई, क्योंकि उनकी पत्नी उषा वांस भारतीय मूल की हैं और हिंदू संस्कारों में पली-बढ़ी हैं। वांस ने बुधवार को मिसिसिप्पी में एक कार्यक्रम के दौरान इच्छा जताई थी कि उनकी पत्नी एक दिन उनकी तरह इसाई बन जाएंगी। हालांकि, अपनी आलोचना के बाद उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर सफाई दी और कहा कि उनकी पत्नी का धर्म परिवर्तन का कोई इरादा नहीं है। वह भी अपनी पत्नी के धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हैं। आइए जानें कब और कैसे शुरू हुआ ये विवाद और वांस को क्यों देनी पड़ी सफाई
वांस से किया गया था ये सवाल
अमेरिका के मिसिसिप्पी में यूनिवर्सिटी ऑफ मिसिसिप्पी में बुधवार को आयोजित टर्निंग पॉइंट USA कार्यक्रम के दौरान उपराष्ट्रपति जेडी वांस छात्रों से रूबरू थे। इसी कार्यक्रम में उनकी इंटरफेथ शादी पर सवाल किया गया था। उनसे पूछा गया था, ‘क्या उन्हें इस बात की उम्मीद है कि उनकी पत्नी एक दिन ईसाई धर्म को स्वीकार करेंगी?’
वांस के इस जवाब के बाद मचा हल्ला
यूनिवर्सिटी ऑफ मिसिसिप्पी में उन्होंने अपनी इंटरफेथ शादी पर पूछे गए सवाल के जवाब में अमेरिका के उप राष्ट्रपति जेडी वांस ने कहा, " मैं वास्तव में यह कामना करता हूं कि वह भी उसी चीज से प्रभावित हों, जिससे मैं चर्च में प्रभावित हुआ था। मैं ईमानदारी से इसकी इच्छा रखता हूं क्योंकि मैं ईसाई धर्म के सिद्धांत में विश्वास करता हूं और मुझे उम्मीद है कि मेरी पत्नी भी इसे उसी तरह देखेंगी।"
अमेरिकी उप राष्ट्रपति वांस का ये बयान ऐसे समय में आया जब अमेरिका में H-1B वीजा और भारतीय प्रवासियों को लेकर नस्लवाद और नफरत फैलाने वाले भाषणों में इजाफा हुआ है। उनके इस बयान ने आग में घी डालने का काम किया। धर्म परिवर्तन की सोच पर लोगों ने वांस की आलोचना करनी शुरू कर दी और उन पर ‘हिंदू फोबिक’ होने का आरोप लगाया। इतना ही नहीं उनकी शादी पर भी सवाल खड़े किए जा रहे कि दो अलग-अलग धर्म मानने वाले लोगों की शादी आखिर किस ढंग से हुई थी और तब धर्म को लेकर ये बातें क्यों नहीं उठी थीं? वांस के इस बयान को भारत में सख्त प्रतिक्रिया मिली। वांस की पत्नी उषा वांस भारतीय मूल की अमेरिकी नागरिक हैं। उनका जन्म और पालन-पोषण एक हिंदू परिवार में हुआ और वो हिंदू धर्म को मानती हैं।
एक्स पर वांस ने क्या दी सफाई
दो दिनों तक आलोचनाएं झेलने के बाद उप राष्ट्रपति वांस ने शुक्रवार 31 अक्टूबर को अपने एक्स हैंडल पर बयान जारी कर इस पूरे विवाद पर सफाई दी। उन्होंने कहा कि वह एक पब्लिक फिगर हैं और लोगों में उनकी इंटरफेथ शादी को लेकर काफी जिज्ञासा है। वह अपनी पत्नी के धर्म का सम्मान करते हैं और दिल से चाहते हैं कि उषा भी चीजों को उनकी तरह से देखेंगी। उषा का धर्म परिवर्तन का कोई इरादा नहीं है। वांस ने कहा कि वह अपनी पत्नी के धर्म का सम्मान करते हैं और हमेशा उन्हें प्यार करते रहेंगे।