Ricky Gill: कौन हैं रिकी गिल? भारतीय मूल के अमेरिकी सलाहकार जिन्हें भारत-पाक 'सीजफायर' में प्रमुख भूमिका के लिए मिला सम्मान

Who is Ricky Gill: रिकी गिल ट्रंप के भरोसेमंद सलाहकारों में गिने जाते हैं। उनका जन्म न्यू जर्सी में हुआ था। उनके माता-पिता जसबीर और परम गिल मूल रूप से पंजाब के रहने वाले सिख डॉक्टर हैं। उन्होंने प्रिंसटन यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएट और कैलिफोर्निया यूनिवर्सिटी, बर्कले से कानून की डिग्री हासिल की है

अपडेटेड Dec 30, 2025 पर 1:04 PM
Story continues below Advertisement
भारत सरकार ने हमेशा यह स्टैंड लिया है कि पाकिस्तान के साथ किसी भी मुद्दे पर किसी तीसरे देश की मध्यस्थता स्वीकार नहीं है

Ricky Gill: भारतीय मूल के अमेरिकी सलाहकार रंजीत 'रिकी' सिंह गिल इन दिनों अंतरराष्ट्रीय गलियारों में चर्चा का विषय बने हुए हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के विशेष सहायक और राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद में दक्षिण व मध्य एशिया के सीनियर डायरेक्टर रिकी गिल को 'डिस्टिंग्विश्ड एक्शन अवार्ड' से नवाजा गया है। उन्हें यह सम्मान इस साल 'ऑपरेशन सिंदूर' के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच युद्धविराम की बातचीत में उनकी कथित भूमिका के लिए दिया गया है। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने उन्हें यह पुरस्कार दिया।

भारत ने अमेरिका की मध्यस्थता पर हमेशा उठाए है सवाल

रिकी गिल को मिले इस सम्मान ने भारत में एक नई बहस छेड़ दी है। सोशल मीडिया पर इस लेकर तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। नेटिजन्स इसे अमेरिकी सीनाजोरी और भारतीय सुरक्षा मामलों में बिना वजह क्रेडिट लेने की कोशिश करार दे रहे है। दरअसल भारत सरकार ने हमेशा यह स्टैंड लिया है कि पाकिस्तान के साथ किसी भी मुद्दे पर किसी तीसरे देश की मध्यस्थता स्वीकार नहीं है। 'ऑपरेशन सिंदूर' के बाद सीजफायर को भी भारत ने अपना स्वतंत्र फैसला बताया था।


पूर्व विदेश सचिव कंवल सिब्बल ने इस सम्मान को अजीब बताया। उन्होंने कहा कि जब भारत ने ट्रंप के स्तर पर भी किसी अमेरिकी भूमिका से इनकार किया है, तो एक मध्यम स्तर के अधिकारी को यह क्रेडिट देना भारत को उकसाने जैसा है।

कौन हैं रिकी सिंह गिल?

37 वर्षीय रिकी गिल का जन्म न्यू जर्सी में हुआ था। उनके माता-पिता जसबीर और परम गिल मूल रूप से पंजाब के रहने वाले सिख डॉक्टर हैं। उन्होंने प्रिंसटन यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएट और कैलिफोर्निया यूनिवर्सिटी, बर्कले से कानून की डिग्री हासिल की है। रिकी को 'वंडरकिंड' माना जाता रहा है। महज 24 साल की उम्र में उन्होंने 2012 में कैलिफोर्निया से रिपब्लिकन टिकट पर हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव के लिए चुनाव लड़ा था, हालांकि वे नजदीकी मुकाबले में हार गए थे।

ट्रंप के खास हैं रिकी!

रिकी गिल ट्रंप के भरोसेमंद सलाहकारों में गिने जाते हैं। ट्रंप के पिछले कार्यकाल में वे रूस और यूरोपीय ऊर्जा सुरक्षा के डायरेक्टर थे। फिलहाल वे भारत, पाकिस्तान और अफगानिस्तान समेत पूरे दक्षिण एशिया के मामलों को देखते हैं। इसी साल अगस्त में वे भारत-मध्य पूर्व-यूरोप आर्थिक गलियारा(IMEC) जैसे प्रोजेक्ट्स पर चर्चा करने के लिए भारत आए थे।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।