Davos 2026: WEF की 56वीं सालाना मीटिंग के लिए दावोस तैयार, क्या है थीम; कौन-कौन से दिग्गज लेंगे हिस्सा

Davos 2026: भारत की ओर से भी एक बड़ा प्रतिनिधिमंडल इस बैठक में शामिल होगा। भारत से कम से कम 4 केंद्रीय मंत्रियों और 6 मुख्यमंत्रियों के पहुंचने की उम्मीद है। WEF वार्षिक बैठक 2026 में सुरक्षा के लिए अतिरिक्त लागत कुल मिलाकर लगभग 90 लाख स्विस फ्रैंक होने का अनुमान है

अपडेटेड Jan 18, 2026 पर 3:52 PM
Story continues below Advertisement
इस साल WEF की वार्षिक बैठक में 3,000 से अधिक विश्व नेताओं की ऐतिहासिक भागीदारी होगी।

स्विट्जरलैंड के शहर दावोस में वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम (WEF) की सालाना बैठक सोमवार, 19 जनवरी से शुरू हो रही है। इस 5 दिवसीय आयोजन के लिए दुनिया भर के दिग्गज दावोस में जुटना शुरू हो रहे हैं। इसके साथ ही सशस्त्र बल के 5,000 से अधिक जवान, रणनीतिक स्थानों पर तैनात स्नाइपर, एआई से चलने वाले ड्रोन और विशेष उपकरण इस शहर की सुरक्षा के लिए तैनात हैं। इस बैठक में दुनिया भर के 400 से अधिक राजनेता भाग ले रहे हैं। इनमें से कम से कम 64 राष्ट्राध्यक्ष या शासनाध्यक्ष हैं।

इस साल WEF की वार्षिक बैठक में 3,000 से अधिक ग्लोबल लीडर्स की ऐतिहासिक भागीदारी होगी। 1700 से अधिक सीईओ, नागरिक समाज के सदस्य, श्रम प्रतिनिधि, धार्मिक संगठन, सांस्कृतिक दिग्गज, सामाजिक उद्यमी, शिक्षाविद, विशेषज्ञ और थिंक टैंक भी हिस्सा लेंगे। 30 से अधिक विदेश मंत्री, 60 से अधिक वित्त मंत्री और केंद्रीय बैंक के गवर्नर, और 30 से अधिक व्यापार मंत्री भी शामिल होंगे। यह WEF की 56वीं सालाना मीटिंग है।

कौन-कौन से वैश्विक दिग्गज हो रहे हैं शामिल


प्रमुख नेताओं की बात करें तो अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी, जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज, यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन, चीनी उप-प्रधानमंत्री हे लिफेंग, स्विस राष्ट्रपति गाइ पारमेलिन, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ, फिलिस्तीनी राष्ट्रीय प्राधिकरण के प्रधानमंत्री मोहम्मद मुस्तफा, इजरायली राष्ट्रपति इसाक हर्जोग और यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की शामिल हैं। अर्जेंटीना, इंडोनेशिया, आर्मेनिया, अजरबैजान, कोलंबिया, कांगो, इक्वाडोर, फिनलैंड, मोजाम्बिक, पोलैंड, सर्बिया, सिंगापुर, इजरायल और सीरिया के राष्ट्रपति के साथ ही स्पेन, बेल्जियम, ग्रीस, नीदरलैंड और कतर के प्रधानमंत्री भी बैठक में शामिल होंगे।

भारत की ओर से कौन

भारत की ओर से भी एक बड़ा प्रतिनिधिमंडल इस बैठक में शामिल होगा। भारत से कम से कम 4 केंद्रीय मंत्री- अश्विनी वैष्णव, शिवराज सिंह चौहान, प्रल्हाद जोशी और के राम मोहन नायडू के साथ ही 6 मुख्यमंत्रियों के पहुंचने की उम्मीद है। साथ ही देश के 100 से अधिक टॉप सीईओ भी वहां होंगे। मुख्यमंत्रियों में महाराष्ट्र के देवेंद्र फडणवीस, आंध्र प्रदेश के एन चंद्रबाबू नायडू, असम के हिमंत विश्व शर्मा, मध्य प्रदेश के मोहन यादव, तेलंगाना के ए रेवंत रेड्डी और झारखंड के हेमंत सोरेन शामिल हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति जुबिन ईरानी भी 'अलायंस फॉर ग्लोबल गुड: जेंडर इक्विटी एंड इक्वेलिटी' की फाउंडर और चेयरपर्सन के रूप में वहां होंगी। इस अलायंस की की शुरुआत कुछ साल पहले दावोस में ही हुई थी। भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोवाल के भी इस बैठक में शामिल होने की उम्मीद है।

भारत के बिजनेस लीडर्स में रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर मुकेश अंबानी, टाटा समूह के एन चंद्रशेखरन, बजाज समूह के संजीव बजाज, जुबिलेंट भरतिया समूह के हरि एस भरतिया और टीवीएस मोटर के सुदर्शन वेणु दावोस जाएंगे। भारत से बाहर के कॉरपोरेट सेक्टर की बात करें तो माइक्रोसॉफ्ट के सत्या नडेला, Nvidia के जेनसेन हुआंग, मेटा से डीना पॉवेल मैककॉर्मिक, OpenAI से सारा फ्रायर, एजिलिटी रोबोटिक्स से पेगी जॉनसन समेत कई बड़े सीईओ और चेयरपर्सन हिस्सा लेने वाले हैं।

ट्रंप ने नहीं दिया जेपी मॉर्गन के CEO को फेड चेयरमैन बनने का ऑफर, वॉल स्ट्रीट जर्नल पर बरसे

अंतरराष्ट्रीय संगठनों में से कौन-कौन

शिखर सम्मेलन में भाग लेने वाले अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रमुखों में संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस, वर्ल्ड बैंक के अध्यक्ष अजय एस बंगा, आईएमएफ की मैनेजिंग डायरेक्टर क्रिस्टालिना जॉर्जीवा, यूरोपीय सेंट्रल बैंक की अध्यक्ष क्रिस्टीन लेगार्ड, डब्ल्यूएचओ के महानिदेशक टेड्रोस अदनोम घेब्येयियस, यूनेस्को के महानिदेशक खालिद अल-इनानी, डब्ल्यूटीओ की महानिदेशक नगोजी ओकोंजो-इवेला और लंदन के मेयर सादिक खान शामिल हैं। इसके अलवा नाटो, यूएनडीपी, ओईसीडी, संयुक्त राष्ट्र शरणार्थी उच्चायुक्त और खाड़ी सहयोग परिषद के प्रमुख भी शामिल होंगे।

WEF वार्षिक बैठक 2026 की थीम

इस 5 दिवसीय बैठक का आयोजन 'संवाद की भावना' विषय के तहत किया जा रहा है। यह पारदर्शी बातचीत और मिलकर समस्या सुलझाने पर WEF के फोकस को दर्शाता है। एजेंडा के 5 मुख्य ग्लोबल मुद्दे इस तरह हैं...

  • मुकाबले वाली दुनिया में सहयोग
  • विकास के नए स्त्रोत खोलना
  • लोगों में निवेश करना
  • बड़े पैमाने पर और जिम्मेदारी से इनोवेशन लागू करना
  • ग्रह की सीमाओं के अंदर खुशहाली बनाना

WEF वार्षिक बैठक 2026 में सुरक्षा के लिए अतिरिक्त लागत कुल मिलाकर लगभग 90 लाख स्विस फ्रैंक होने का अनुमान है।

ग्रीनलैंड पर टकराव: ट्रंप ने यूरोप को दी 10% टैरिफ की धमकी तो EU करने लगा US के साथ ट्रेड डील रोकने की तैयारी

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।