जापान में ‘जॉम्बी सिगरेट’ का कहर, पीते ही लोग बन रहे चलती-फिरती लाशें! सरकार के फूले हाथ पांव

जापान ने मई में एटोमिडेट को आधिकारिक रूप से प्रतिबंधित ड्रग घोषित कर दिया था, लेकिन इसके बावजूद इसकी सप्लाई जारी है। अक्टूबर में पुलिस ने यूटो अगरिये नाम के एक आरोपी को गिरफ्तार किया, जिसके घर से 64 ग्राम एटोमिडेट-बेस्ड लिक्विड मिला। माना जाता है कि उसकी गैंग ओकिनावा में इसका बड़ा सप्लायर है

अपडेटेड Nov 16, 2025 पर 11:04 PM
Story continues below Advertisement
जापान में ‘जॉम्बी सिगरेट’ का कहर, पीते ही लोग बन रहे चलती-फिरती लाशें!

जापान इस समय एक तेजी से बढ़ते ड्रग संकट का सामना कर रहा है। युवा बड़ी संख्या में ऐसी वेप लिक्विड का इस्तेमाल कर रहे हैं, जिनमें एटोमिडेट नाम की ड्रग मिलाई जाती है। इन्हें “जॉम्बी सिगरेट” कहा जाता है। इस ट्रेंड के बढ़ने से लगातार गिरफ्तारियां हो रही हैं, पुलिस सख्त कार्रवाई कर रही है और फेंटानिल जैसी खतरनाक लत का डर फिर से उभर रहा है। ओकिनावा में पुलिस ने अपनी मुहिम और कड़ी कर दी है, क्योंकि किशोरों और 20–25 आयु वर्ग में “जॉम्बी सिगरेट” का इस्तेमाल तेजी से फैल रहा है।

Kyodo न्यूज के अनुसार, सितंबर के अंत तक कम से कम 10 लोग एटोमिडेट रखने के आरोप में गिरफ्तार किए जा चुके थे। यह एक सिडेटिव है, जो सेरिबेलर फंक्शन और बॉडी कोऑर्डिनेशन को कमजोर कर देता है।

जापान ने मई में एटोमिडेट को आधिकारिक रूप से प्रतिबंधित ड्रग घोषित कर दिया था, लेकिन इसके बावजूद इसकी सप्लाई जारी है। अक्टूबर में पुलिस ने यूटो अगरिये नाम के एक आरोपी को गिरफ्तार किया, जिसके घर से 64 ग्राम एटोमिडेट-बेस्ड लिक्विड मिला। माना जाता है कि उसकी गैंग ओकिनावा में इसका बड़ा सप्लायर है।


यह पदार्थ आमतौर पर विदेशों में सर्जरी के दौरान एनेस्थीसिया के लिए इस्तेमाल होता है, लेकिन इसका दुरुपयोग बेहोशी, दौरे और अंगों पर नियंत्रण खोने जैसी स्थितियां पैदा कर सकता है।

जॉम्बी सिगरेट कैसे बेची जा रही हैं?

एटोमिडेट मिला वेप लिक्विड एन्क्रिप्टेड मैसेजिंग ऐप और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के जरिए बेचा जा रहा है। ये फ्लेवर और नॉन-फ्लेवर दोनों तरह के वेप कार्ट्रिज में मिलते हैं।

एक अलग मामले में, टोक्यो क्षेत्र में तीन चीनी नागरिकों को भारत से सिंगापुर के रास्ते 100 ग्राम एटोमिडेट तस्करी करने और फिर उसे लिक्विड में बदलकर जापान में बेचने के आरोप में गिरफ्तार किया गया।

संयुक्त राष्ट्र ड्रग एंड क्राइम ऑफिस ने भी पूर्वी और दक्षिण-पूर्व एशिया में एटोमिडेट और इसके समान पदार्थों में बढ़ोतरी की पुष्टि की है।

जापान टुडे की एक रिपोर्ट चेतावनी देती है कि देश का ड्रग मार्केट नीतियों से कहीं तेज बदल रहा है- 1960 के दशक जैसी स्थिति लौटने का खतरा है, बल्कि उससे भी बदतर।

फेंटानिल, जो अमेरिकी CDC के अनुसार हेरोइन से 50 गुना ज्यादा शक्तिशाली है और एटोमिडेट मिलाकर बनी “जॉम्बी सिगरेट” मई तक जापान में अवैध भी नहीं थीं। इसी वजह से कानून और पुलिस कार्रवाई सप्लाई चेन के मुकाबले पीछे रह गई थीं।

तस्करी की सप्लाई चेन कैसी है?

रिपोर्ट में तस्करी नेटवर्क के जिन कड़ियों का जिक्र है, उनमें शामिल हैं-

  • ताइवानी माफिया नेटवर्क
  • मेनलैंड चाइना से जुड़े गैंग
  • जापानी याकूजा से सहयोग
  • वियतनाम के मैन्युफैक्चरिंग हब
  • समुद्र में जहाजों के बीच माल की अदला-बदली

तस्कर समुद्र में माल इसलिए बदलते हैं, क्योंकि खुले समुद्र में “विजिबिलिटी अच्छी रहती है” और पुलिस दिखते ही वे सारा सामान पानी में फेंक सकते हैं।

ओकिनावा में इन जॉम्बी सिगरेट की कीमत करीब 20,000 येन बताई जाती है, हालांकि प्रति सिगरेट या पैक- यह साफ नहीं है।

एटोमिडेट शरीर पर कैसा असर डालता है?

एटोमिडेट एक मेडिकल एनेस्थेटिक है, जिसका इस्तेमाल विदेशों में गंभीर दर्द या जटिल सर्जरी में किया जाता है। वेप के जरिए इसका दुरुपयोग इन प्रभावों को जन्म दे सकता है-

  • अचानक नशे जैसा उत्साह
  • हल्यूसीनेशन
  • दौरे पड़ना
  • मानसिक भ्रम
  • शरीर पर नियंत्रण खो देना
  • अंगों के फेल होने का खतरा

फेंटानिल और एटोमिडेट पर आधारित ये नए ड्रग छोटे कार्ट्रिज, एन्क्रिप्टेड ऐप और क्रॉस-बॉर्डर कोरियर चेन के जरिए जापान में पहुंच रहे हैं, जिन्हें छिपाना और ले जाना बेहद आसान है।

जापान में अधिकारी अब इसके राष्ट्रीय स्तर पर फैलने को लेकर सतर्क हैं। क्योदो के मुताबिक, एटोमिडेट का अवैध बाजार अब ओकिनावा से आगे देश के अन्य हिस्सों में भी उभरने लगा है। स्वास्थ्य मंत्रालय और पुलिस मैसेजिंग प्लेटफॉर्म और बंदरगाहों पर निगरानी बढ़ा रही है।

Gen Z Protests in Mexico: मेक्सिको सिटी में Gen Z का जबरदस्त प्रदर्शन, सरकार पर जनता का फूटा गुस्सा

 

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।