अम्मा मक्कल मुनेत्र कझगम (AMMK) ने सरकार बनाने का दावा पेश करने के लिए ‘‘फर्जी’’ समर्थन पत्र का इस्तेमाल करने का आरोप लगाते हुए तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) के खिलाफ गिंडी पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। गिंडी पुलिस के अनुसार, AMMK महासचिव टी टी वी दिनाकरन की ओर से एक अर्जी प्राप्त हुई है। हालांकि, अधिकारियों ने पुष्टि की कि शनिवार सुबह तक इस मामले में कोई FIR दर्ज नहीं की गई। यह घटनाक्रम दिनाकरन के आधी रात को गिंडी रेंज के सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) के कार्यालय पहुंचने के बाद सामने आया।
AMMK प्रमुख ने पत्रकारों से बात करते हुए विजय की पार्टी TTVK पर राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर को एक पत्र की फर्जी कॉपी सौंपने का आरोप लगाया। उन्होंने आरोप लगाया कि इस पत्र में मन्नारगुडी से AMMK के अकेले विधायक एस. कामराज के समर्थन का झूठा दावा किया गया था।
दिनाकरन ने कहा, ‘‘जो TVK खुद को ‘पवित्र शक्ति’ बताती है, उसने जालसाजी और विधायकों की खरीद-फरोख्त की है।’’
उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी ने फर्जी समर्थन दिखाकर दलबदल विरोधी कानून को दरकिनार करने की कोशिश की। उन्होंने यह भी कहा कि कामराज उनके नाम से इस्तेमाल किए गए फर्जी दस्तावेज को देखकर ‘‘हैरान’’ रह गए।
इससे पहले शुक्रवार को दिनाकरन ने अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (AIADMK) के महासचिव ई.के. पलानीस्वामी को AMMK का औपचारिक रूप से समर्थन दिया था।
इस बीच, टीवीके ने इन आरोपों को ‘‘झूठी खबर’’ बताते हुए खारिज किया है। पार्टी ने जवाब में एक वीडियो जारी किया है, जिसमें विधायक कामराज को कथित तौर पर स्वेच्छा से समर्थन पत्र पर हस्ताक्षर करते दिखाया गया है।
अब ऐसा माना जा रहा है कि गिंडी पुलिस FIR दर्ज करने से पहले इस शिकायत की शुरुआती जांच करेगी और उसी आधार पर आगे कोई फैसला लिया जाएगा।