Jharkhand Train Accident: झारखंड के जामताड़ा (Jamtara) से एक बेहद ही दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां कालाझरिया रेलवे स्टेशन (Kalajharia Railway Station) पर कई यात्रियों को कुचलते ट्रेन उनके ऊपर चढ़ गई। ट्रेन की चपेट में आने से कई लोगों की मौत हो गई है। अब तक कम से कम दो शव बरामद किए जा चुके हैं। जानकारी के मुताबिक इस हादसे में करीब 12 लोगों की मौत हो गई और आधा दर्जन लोग घायल बताए जा रहे हैं। हादसे की जानकारी मिलते ही मेडिकल टीमें और एंबुलेंस तुरंत मौके पर भेजी गईं।
News18 ने सूत्रों के हवाले से बताया कि यह घटना तब हुई जब विद्यासागर और कासितार के बीच से गुजरने वाली ट्रेन नंबर- 12254 शाम करीब 7 बजे आसनसोल डिवीजन में रुकी। पूर्वी रेलवे के CPRO कौशिक मित्रा ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच के लिए तीन सदस्यों की JAG समिति बनाई गई है।
उन्होंने आगे बताया, "विद्यासागर कासितार से गुजरने वाली ट्रेन नंबर 12254 से कम से कम 2 Km दूर ट्रैक पर चल रहे दो व्यक्ति ट्रेन की चपेट में आ गए। आग लगने की कोई घटना नहीं हुई है। फिलहाल दो मौतों की पुष्टि हो चुकी है। मृतक यात्री नहीं, ट्रैक पर चलने वाले लोग थे।"
पहले आग लगने की आई थी खबर
दरअसल इससे पहले ऐसी खबर आई थी कि अंग एक्सप्रेस ट्रेन में आग लगने की जानकारी के बाद उस पर सवार यात्री अफरा-तफरी में नीचे कूदने लगे। इस बीच सामने से आ रही झाझा-आसनसोल पैसेंजर ट्रेन पटरी पर गिरे यात्रियों के ऊपर से गुजर गई। अंग एक्सप्रेस को भी रोक दिया गया है।
न्यूज एजेंसी ANI ने जामताड़ा के डिप्टी कमिश्नर के हवाले से बताया, "जामताड़ा के कालाझरिया रेलवे स्टेशन पर ट्रेन ने यात्रियों को कुचल दिया। कुछ मौतों की जानकारी मिली है। मौतों की सही संख्या की पुष्टि बाद में की जाएगी। मेडिकल टीमें और एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं।"
वहीं जामताड़ा विधायक इरफान अंसारी ने कहा, "इस घटना में करीब 3 लोगों की मृत्यु हुई है और कई लोग लापता हैं। ऐसी सूचना मुझे मिली है। ये दु:खद घटना है। मैं मौके के लिए रवाना हो रहा हूं। मैंने इसके लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान करने के निर्देश दिए हैं। हम इस मुद्दे को विधानसभा में भी उठाएंगे। मृतकों की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है।"